खगड़िया में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ की शुरुआत गुरुवार को हुई।
.
इस अभियान का मकसद स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश देना है।
कार्यक्रम में विधायक बबलू कुमार मंडल, जिला परिषद अध्यक्ष और उप विकास आयुक्त (डीडीसी) ने खुद झाड़ू लगाकर सफाई अभियान में श्रमदान किया।
इसके बाद स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। विधायक, डीडीसी समेत कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने रैली में हिस्सा लेकर लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया।





स्कूलों को साफ रखने के लिए जागरूक किया
कार्यक्रम स्थल पर जीविका दीदियों ने सुंदर रंगोली बनाई और उसके जरिए स्वच्छता का संदेश दिया। रंगोली के माध्यम से बताया गया कि स्वच्छ और सुंदर समाज बनाने के लिए सबकी सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
अभियान के दौरान ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संकल्प के साथ लोगों से स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई।
स्वच्छता रैली के जरिए लोगों को अपने घर, आसपास के इलाके, सार्वजनिक जगहों और स्कूलों को साफ रखने के लिए जागरूक किया गया।
साथ ही कचरे को सही तरीके से निपटाने, साफ-सुथरा माहौल बनाए रखने और स्वच्छता को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया गया।
मौके पर मौजूद रहे कई अधिकारी
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। सामूहिक कोशिश और लोगों के सहयोग से ही स्वच्छ गांव, स्वच्छ शहर और स्वच्छ समाज बन सकता है।
इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास और स्वच्छता से जुड़े कई विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
ज्यादा से ज्यादा लोगों को अभियान से जोड़ने का मैसेज
मौके पर सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सांख्यिकी पदाधिकारी, डीपीएम जीविका, स्वच्छता पदाधिकारी, नगर परिषद के प्रतिनिधि, जिला समन्वयक, जिला सलाहकार एमएलई और एमआईएस समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
इसके अलावा स्कूलों के बच्चे, एएनएम, प्रखंड समन्वयक, स्वच्छता पर्यवेक्षक और स्वच्छता कर्मचारियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के जरिए जिले में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को अभियान से जोड़ने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने आम लोगों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार सहयोग की अपील की।
