![]()
अमृत नगर में आयोजित अमृत नगर टूर्नामेंट का भव्य फाइनल मुकाबला मंगलवार को रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल में एसटी ब्रदर क्लब और मटवारी क्लब के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। शानदार प्रदर्शन के साथ एसटी ब्रदर क्लब ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं मटवारी क्लब उपविजेता रहा। फाइनल मुकाबले में कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह अमृत नगर पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का बेहतर माध्यम है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। पूरे टूर्नामेंट में कुल 64 टीमों ने हिस्सा लिया। विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना, मेहनत और अनुशासन का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें विजेता एसटी ब्रदर क्लब को 21,000 रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। उपविजेता मटवारी क्लब को 15,000 रुपए की नकद पुरस्कार राशि दी गई। कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य मुकेश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि सह आयोजक राजदीप पासवान, मुख्य आयोजक शंकर वर्मा, सहयोगी प्रेमदीप यादव, कांग्रेस कोर कमेटी सदस्य भीम राम, पूर्व प्रधानाध्यापक इंद्र कुमार यादव, मुस्लिम कम्युनिटी के सदर बबलू, पूर्व सब-इंस्पेक्टर जगदीश राम, समाजसेवी इरफान अंसारी जी, समाजसेवी विजय कुमार वर्मा जी एवं पंचायत समिति सदस्य ओरिया जीतू यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अलावा टिलेश्वर यादव सहित कई गणमान्य नागरिक, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। मुन्ना सिंह ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए पूरी आयोजक टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए ऐसे आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता दोनों टीमों के खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसटी ब्रदर क्लब ने जीता खिताब, मटवारी क्लब रहा उपविजेता

