![]()
जमशेदपुर के टेल्को थाना इलाके में शुक्रवार को एक स्कूली बच्चों को ले जा रही वैन का एक्सीडेंट हो गया। हादसा टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर एन-111 के पास टाटा विंगर वैन के डिवाइडर से टकराने से हुआ। इस हादसे में वैन में बैठे 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। इनमें ड्राइवर और दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चश्मदीदों ने बताया कि स्कूल वैन स्टेडियम की तरफ से बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। तभी अचानक गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया और वह डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और उसका चेंबर भी फट गया। एक्सीडेंट के समय तेज आवाज आई, जिससे आसपास के लोग डर गए। हादसे के बाद वैन में बैठे बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के घरों और फ्लैटों से लोग तुरंत बाहर आ गए। कुछ ही मिनटों में मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। मौके पर मौजूद एक स्थानीय शख्स ने बताया कि एक्सीडेंट शायद एक कार को बचाने की कोशिश में हुआ। उनके मुताबिक, सामने की तरफ से आ रही एक कार अचानक स्कूल वैन के बहुत करीब आ गई और उसे छूते हुए निकल गई। कार चालक की तरफ देखने और पीछे मुड़ने के दौरान वैन ड्राइवर का गाड़ी से कंट्रोल हट गया, जिसके बाद वैन सीधे डिवाइडर से टकरा गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और एक्सीडेंट के सही कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है।
जमशेदपुर में स्कूल वैन डिवाइडर से टकराई, 15 बच्चे घायल:टेल्को स्टेडियम रोड पर हुआ हादसा, टाटा विंगर में सवार थे स्कूल के बच्चे

