![]()
मधुबनी के फुलपरास थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से बुजुर्ग की मौत हो गई। यह हादसा पेट्रोल पंप के पास हुआ। घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सिसवा बरही गांव निवासी मोहन यादव (62) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मोहन यादव खेत से काम कर पैदल घर लौट रहे थे। तभी फुलपरास पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। मामले की जांच में जुटी पुलिस घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया गया। मोहन यादव की मौत की खबर सुनते ही उनके परिवार में मातम छा गया। उनके बच्चे काम के सिलसिले में दूसरे प्रदेशों में रहते हैं। पिता की मौत की सूचना मिलते ही सभी घर के लिए निकल पड़े हैं। इस घटना के बाद सिसवा बरही गांव और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:मधुबनी में खेत से काम कर पैदल लौट रहे थे घर, फुलपरास पेट्रोल पंप के पास हादसा

