Friday, September 18, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

ऑटो चालक को किया अगवा, मांगा 30 लाख फिरौती:चतरा पुलिस ने बिहार से सकुशल बरामद किया, वारदात में शामिल दो अपराधी गिरफ्तार


चतरा पुलिस ने 30 लाख रुपए की फिरौती के लिए अगवा किए गए ऑटो चालक तिलक यादव के अपहरण कांड का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को बिहार के गया जिले से सकुशल छुड़ा लिया है और इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले गिरोह के दो शातिर अपराधियों को भी धर दबोचा है। चतरा एसपी ने बताया कि 13 सितंबर को अपराधियों ने ज्यादा भाड़ा देने का लालच देकर तिलक का ऑटो बुक किया था। सुनसान जगह ले जाकर उन्होंने चालक को अगवा कर लिया। अपराधियों ने पीड़ित के ही मोबाइल से परिजनों को फोन कर पहले 5 लाख रुपये मांगे, लेकिन समय बीतने के साथ उनका लालच बढ़ा और उन्होंने फिरौती की रकम 30 लाख रुपये कर दी। यह रकम कोलकाता में बैठे उनके साथियों को दी जानी थी। मौत के मुंह से सुरक्षित लौटकर आए पीड़ित तिलक यादव ने अपहरण के खौफनाक मंजर को बयां करते हुए बताया, छह लोगों ने कोल्हैया जाने के लिए मेरा ऑटो बुक किया था। वहां पहुंचने पर उन्होंने 200 रुपये अतिरिक्त भाड़ा देने का लालच दिया और मुझे आगे ले चलने को कहा। जैसे ही हम घने जंगल के पास पहुंचे, उन्होंने मुझे रोक लिया, मेरा मोबाइल छीन लिया और मुझे जंगल के अंदर ले गए। वहां उन्होंने मेरे साथ दो दिनों तक बुरी तरह मारपीट की, किसी से कुछ ना कहने की धमकी दी और फिर मेरे ही फोन से मेरे परिजनों से फिरौती की मांग करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, हजारीबाग और बिहार पुलिस के आपसी समन्वय से गया (बिहार) के धनगाई थाना क्षेत्र में सटीक छापेमारी की। पुलिस ने मौके से ईटखोरी (चतरा) के कुख्यात अपराधी कैलाश दांगी और गया के मनोज कुमार को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी कैलाश दांगी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर पहले से ही हत्या, लूट, अपहरण और विस्फोटक अधिनियम के कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक और दो मोबाइल जब्त किए हैं। चतरा एसपी और एसडीपीओ ने पीड़ित तिलक यादव को सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया है। अपने बेटे को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और चतरा पुलिस के इस बेहतरीन कार्य के लिए उनका तहे दिल से आभार जताया है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles