![]()
अररिया बाजार में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नगर परिषद की टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने चांदनी चौक और आसपास के इलाकों में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को साफ निर्देश दिया गया है कि वे 20 सितंबर तक खुद ही अपना अतिक्रमण हटा लें। इसके बाद प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने का अभियान और तेज किया जाएगा। यह अभियान काली मंदिर से लेकर जीरो माइल तक नगर परिषद की सीमा में चलाया जाएगा। दुकानदारों को दूसरी जगह किया जाएगा शिफ्ट अररिया एसडीओ दीक्षित श्वेतम ने बताया कि चांदनी चौक पर जाम और अतिक्रमण की स्थिति को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। लोगों को चेतावनी दी गई है कि 20 सितंबर के बाद यह अभियान बड़े स्तर पर चलाया जाएगा। तय समय सीमा के बाद प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा और अतिक्रमण हटाएगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अतिक्रमण में आने वाले दुकानदारों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। भीड़ के कारण बनी रहती है जाम की स्थिति साथ ही, बाइक के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि बाजार में सड़क और फुटपाथ पर दुकानदारों के अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। खासकर चांदनी चौक इलाके में दिनभर वाहनों की आवाजाही और लोगों की भीड़ के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। अतिक्रमण हटने के बाद यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। अभियान के दौरान नगर परिषद के अधिकारी चंद्र राज प्रकाश, एसडीपीओ सुशील कुमार, सदर एसडीओ दीक्षित श्वेतम सहित नगर परिषद के कर्मचारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य बाजार को जाम मुक्त बनाना और आम लोगों को राहत पहुंचाना है।
अररिया बाजार में जाम से निपटने अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू:20 सितंबर तक खुद अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम, काली मंदिर से जीरो माइल तक चलेगा अभियान
