![]()
शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर पटना नगर निगम एक्शन मोड में आ गया है। पटना में दुर्गा पूजा से पहले 10-15 हजार नई लाइटें आएंगी। आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने निर्देश दिए हैं। बार-बार खराब होने वाली लाइटों को मरम्मत करने के बजाय जरूरत के अनुसार नई लाइट से बदला जाएगा। नगर आयुक्त ने स्ट्रीट लाइट का रखरखाव करने वाली कंपनी ईईएसएल के प्रतिनिधियों को शिकायतों के जल्द निपटारे और फील्ड टीमों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। 18 से बढ़कर 26 हुई फील्ड टीमें स्ट्रीट लाइट की शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई के लिए फील्ड टीमों की संख्या 18 से बढ़ाकर 26 कर दी गई है। प्रत्येक टीम में एक ड्राइवर, बिजली मिस्त्री और हेल्पर शामिल हैं। टीमों को जरूरी बिजली उपकरणों, सीढ़ी और अन्य सामान से लैस पिकअप वैन उपलब्ध कराई गई है। ये टीमें नगर निगम के कंट्रोल रूम से मिलने वाली शिकायतों के आधार पर मरम्मत कर रही हैं। इसके अलावा नगर निगम के पांच बिजली मिस्त्री भी सहायक के साथ अलग-अलग इलाकों में जाकर लाइटों की जांच कर रहे हैं। खराब लाइटों की जानकारी संबंधित टीमों को देकर उन्हें जल्द ठीक कराया जा रहा है। रोजाना 650-700 लाइटों की मरम्मत फिलहाल नगर निगम क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 650 से 700 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की जा रही है। निगम का कहना है कि बारिश के बाद रखरखाव और मरम्मत के काम में और तेजी लाई जाएगी, जिससे लंबित शिकायतों को जल्द दूर किया जा सके। 33 जगह हाईमास्ट लाइट लगाई गई शहर में हाईमास्ट लाइट लगाने का काम भी जारी है। अब तक 33 स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाने का काम पूरा हो चुका है। बाकी पांच स्थानों पर भी जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
पटना में खराब स्ट्रीट लाइटों पर नगर निगम सख्त:दुर्गा पूजा से पहले 10-15 हजार नई लाइटें आएंगी, 26 टीमें फील्ड पर उतरीं
