पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में बच्चा च.ोरी का मामला सामने आया है। एक नवजात शिशु को जन्म के महज तीन घंटे बाद चुराने का प्रयास किया गया। इस घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
.
हालांकि, परिजनों, पीएमसीएच सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से आरोपी महिला को अस्पताल के गेट के पास से पकड़ लिया गया और बच्चा सकुशल बरामद कर लिया गया। यह घटना सोमवार को प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में हुई।

नवजात बच्चे को चुराकर भागती आरोपी महिला पकड़ी गई।
खुद को रिश्तेदार बताया, फिर नवजात को लेकर निकली
बुद्ध मार्ग, कमला नेहरू नगर बस्ती की एक महिला को सुबह भर्ती कराया गया था, जिसने 8:05 बजे बेटे को जन्म दिया। पति के कुछ देर के लिए बाहर जाने पर प्रसूता वार्ड में अकेली थी।
इसी दौरान वार्ड में मौजूद जैकी कुमारी नामक महिला ने खुद को रिश्तेदार बताकर प्रसूता का विश्वास जीता। दोपहर करीब 1 बजे जब प्रसूता सो गई तो आरोपी महिला ने नवजात को गोद में लिया और कपड़े में छिपाकर वार्ड से बाहर निकल गई। कुछ मिनटों बाद जब पति लौटे और बच्चे को गायब देखा, तो वार्ड में हंगामा मच गया।

अस्पताल के बाहर पकड़ाई आरोपी महिला को गुस्साई भीड़ ने पीटा।
अस्पताल के बाहर पकड़ाई, गुस्साई भीड़ ने की पिटाई
सूचना मिलते ही PMCH पुलिस सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक महिला संदिग्ध हालत में झाड़ियों की ओर जाती दिखी, जिसके हाथ में कपड़े में लिपटी नवजात थी। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों और परिजनों ने उसे गेट के आगे दुर्गा मंदिर के पास धर दबोचा। गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई भी की, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि, ‘उसकी शादी तीन साल पहले मध्य प्रदेश में हुई थी, लेकिन संतान न होने के कारण उसे ससुराल में ताने और प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी। इसी दबाव में उसने बच्चा चोरी की योजना बनाई।’
नवजात को सकुशल बरामद किया
पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। नवजात को सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया गया है।
पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि, घटना पुरानी गायनी वार्ड की है। नए भवन में सुरक्षा व्यवस्था सख्त है और अब सभी भर्ती मरीज के लिए केवल एक परिजन को ही वार्ड में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
इसके लिए पहचान-पत्र आधारित कार्ड जारी किया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी निगरानी और गार्ड तैनाती को और मजबूत करने की बात कही गई है। हालांकि, उन्होंने बताया कि घटना के तत्काल बाद ही पुलिस और गार्ड की सक्रियता से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है और वार्ड के बाहर जांच और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
बच्चा चोरी की घटनाएं बढ़ी पटना शहर में हाल के दिनों में बच्चा चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे में राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में हुई इस वारदात ने सुरक्षा इंतजामों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यदि थोड़ी भी देरी होती तो आरोपी महिला नवजात को लेकर फरार हो सकती थी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अस्पताल प्रशासन ने भी सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा शुरू कर दी है।




