![]()
भास्कर न्यूज |धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ प्रखंड के नूतनगढ़ पंचायत के जोड़सोल मौजा में सतयुग राइस मिल और सालासर राइस मिल से निकलने वाले दूषित, केमिकल युक्त पानी से धान की फसलों को नुकसान होने का आरोप लगाते हुए किसानों ने सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने एनएच-18 से जोड़सोल होते हुए गोगलो जाने वाली सड़क पर जोड़सोल के पास बांस का बैरिकेड लगाकर विरोध किया। इसके कारण राइस मिलों में आने-जाने वाले बड़े वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। ग्राम प्रधान हाड़ाम मुर्मू और वार्ड सदस्य कंदा राम मुंडा ने कहा कि दोनों मिलों का गंदा पानी सीधे धान के खेतों में जमा हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, जिस रास्ते से यह पानी बहता है, वहां घास तक नहीं उग रही और जमीन दूषित हो चुकी है। उन्होंने बताया कि यह समस्या पिछले चार वर्षों से बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मुखिया, अंचल अधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को लिखित आवेदन दिए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क जर्जर हो गई है, जिससे आसपास के गांवों को परेशानी हो रही है। किसानों ने कहा जब तक स्थायी समाधान नहीं होती, तब तक बड़े वाहनों को गुजरने नहीं देंगे।
राइस मिलों के जहरीले पानी से फसलें बर्बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आवागमन रोका

