![]()
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्मनगर में एक 23 साल के युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान संजय तांडी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, प्रेम विवाह के बाद पत्नी से विवाद के चलते वह परेशान था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि संजय तांडी ने करीब तीन-चार महीने पहले सोनारी की रहने वाली एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों कदमा में रहने लगे थे। हालांकि, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। संजय की पत्नी सोमा कर्मकार कई बार घर छोड़कर चली जाती थी। परिजनों के अनुसार, तीन-चार दिन पहले भी दोनों में विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई और वापस नहीं लौटी। बताया जा रहा है कि वह डिमना इलाके के एक हॉस्टल में रह रही थी। संजय लगातार उससे संपर्क करने और समझाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिल रही थी। इस बात से वह काफी परेशान रहने लगा था। परिजनों ने यह भी बताया कि संजय को अपनी पत्नी के किसी और से बात करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर बहस होती थी, जिससे संजय तनाव में रहता था। देर रात करीब एक बजे उसने अपने घर में पंखे से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जमशेदपुर में युवक ने की खुदकुशी:पत्नी से अनबन के बाद फंदे से लटककर दी जान, तीन माह पहले किया था प्रेम विवाह
