![]()
गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में सेमरा जंगल मरदा नदी के पास बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। इस घटना में एक महिला और एक बच्चे समेत चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक स्कूटी सवार की पहचान भादो केरकेट्टा के रूप में हुई है। उनकी पत्नी उर्मिला केरकेट्टा भी इस हादसे में घायल हुई हैं। उर्मिला बाघपंचा आंगनबाड़ी में सेविका हैं। कार में सवार हर्रा बसिया निवासी लक्ष्मण उरांव, उनकी पत्नी रेणु उरांव और एक साल की बेटी जयरीना उरांव भी घायल हुए हैं। इनका इलाज भी सदर अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण उरांव अपने परिवार के साथ बसिया से गुमला अरमई जा रहे थे। वे मारुति ऑल्टो 800 कार में थे। तभी गुमला की ओर से आ रही स्कूटी से उनकी सीधी टक्कर हो गई। स्कूटी पर भादो केरकेट्टा और उनकी पत्नी सवार थे। हादसे की सूचना मिलने पर पालकोट पुलिस थानेदार अंकित राज मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रहे हैं और छानबीन में जुट गए हैं। घटना के बाद गुजर रहे पत्रकार विकास ठाकुर ने घायलों को अपने वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया जंहा चिकित्सक की देख रेख में इलाज चल रहा है। मृतक भादो केरकेट्टा BSF के जवान थे। वह 15 दिन पहले ही छुट्टी पर गुमला आए थे।
गुमला में स्कूटी-कार की टक्कर, BSF जवान की मौत:पालकोट में हुआ हादसा; पत्नी समेत अन्य 4 लोग घायल, छुट्टी पर घर आया था जवान
