![]()
देवघर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए बुधवार को पीडी हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर का शुभारंभ किया गया। बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट के सहयोग से बने इस अस्पताल का उद्घाटन असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने दीप जलाकर, फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन समारोह में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, पीडी हिंदुजा अस्पताल के सीईओ गौतम खन्ना और बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की चेयरपर्सन अनामिका गौतम समेत कई मेहमान मौजूद थे। इस दौरान अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी भी दी गई। बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट और पीडी हिंदुजा अस्पताल के सहयोग से यह मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू किया गया है। इसका मकसद देवघर और आसपास के लोगों को आधुनिक और अच्छी क्वालिटी की मेडिकल सुविधा देना है। अस्पताल में कई तरह की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा जानकारी के मुताबिक, इस स्वास्थ्य संस्थान को भविष्य में 650 बेड के मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे देवघर के साथ पूरे संताल परगना इलाके के लोगों को विशेषज्ञ इलाज की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलेगी। गंभीर बीमारियों के लिए मरीजों को अब दूसरे बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। उद्घाटन समारोह में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यह अस्पताल संताल परगना के लिए आस्था और सेवा का बड़ा केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भी इलाज में मदद मिलेगी। उन्होंने गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे और अनामिका गौतम के सपने को पूरा करने की दिशा में इसे एक अहम कदम बताया। इस अस्पताल के जरिए देवघर में आधुनिक और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की नई शुरुआत हुई है, जिसका लक्ष्य ‘एक स्वस्थ भविष्य, एक सशक्त समुदाय’ बनाना है।
देवघर में पीडी हिंदुजा अस्पताल का शुभारंभ:असम CM हिमंता बिस्वा सरमा ने किया उद्घाटन, संताल परगना को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
