![]()
मधुबनी नगर निगम सभागार में बुधवार, 23 सितंबर 2026 को मेयर अरुण राय की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक चली इस बैठक में शहर के विकास से जुड़े कुल 22 एजेंडों को मंजूरी दी गई। इनमें सफाई व्यवस्था, पार्क, शौचालय, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति और निर्माण कार्य शामिल हैं। बैठक की शुरुआत पिछली बोर्ड बैठक के फैसलों की पुष्टि और स्थायी समिति के निर्णयों की मंजूरी से हुई। ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत सरकारी भवनों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई। शिवगंगा स्कूल और वाटसन स्कूल के एक-एक कमरे की मरम्मत, सौंदर्यीकरण और कक्षा निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। नगर निगम की खाली जमीन पर दुकानें बनाने का फैसला लिया गया। नए बने प्रमोद चिल्ड्रेन पार्क में मिथिला और भारतीय संस्कृति, योग के प्रचार के लिए 66 इंच की टीवी यूनिट और वाई-फाई लगाने का निर्णय हुआ। पार्क की सुरक्षा के लिए तीन सुरक्षाकर्मी, माली के दैनिक वेतन, टिकट काउंटर और कैंटीन की व्यवस्था से जुड़े प्रस्ताव भी पास हुए। बैठक में डिलक्स शौचालय की आउटसोर्सिंग पर भी बात हुई। वार्ड संख्या 30 और 42 में नल-जल योजना से संबंधित भुगतान को बाद में प्रशासनिक मंजूरी दी गई। वार्ड निरीक्षक महेश राम के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा नल-जल योजना की मरम्मत, छठ पूजा के लिए पुराने और नए वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मंजूरी मिली। सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों के संचालन और सफाई उपकरणों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया को भी हरी झंडी दी गई। मुसानगर डंपिंग स्थल पर करीब 16 हजार टन पुराने कचरे के निपटान का प्रस्ताव भी पास हुआ। विभिन्न नालों की मरम्मत और पक्कीकरण, सम्राट अशोक भवन, बिजली शवदाह गृह और सिनेचर रोड के निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। बैठक में विधायक माधव आनंद, उपमहापौर अमानुल्लाह खान, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, सभी वार्ड पार्षद और संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक के बाद विधायक माधव आनंद और मेयर अरुण राय ने पत्रकारों को फैसलों की जानकारी दी।
शहर के विकास से जुड़े 22 एजेंड़ों को मंजूरी:मधुबनी नगर निगम बोर्ड की बैठक में लिए गए कई अहम फैसले
