![]()
लातेहार में टीएसपीसी संगठन के सुप्रीमो ब्रजेश गंझू की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद, संगठन ने तीन दिन की बंदी का ऐलान किया है। संगठन के प्रवक्ता और जोनल कमांडर नथुनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी है। विज्ञप्ति के मुताबिक, यह बंदी 24 से 26 सितंबर तक चतरा, हजारीबाग, पलामू, लातेहार, गढ़वा, लोहरदगा और गुमला जिलों में रहेगी। संगठन ने प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया है कि पुलिस ने ब्रजेश गंझू को फर्जी मुठभेड़ में मारा है। संगठन का आरोप है कि ब्रजेश गंझू को 16 सितंबर को केरीडारी के जंगल से पकड़ा गया था। इसके बाद 17 सितंबर को हजारीबाग पुलिस और चतरा सुरक्षा बलों द्वारा पकड़े जाने की बात सामने आई थी। संगठन का यह भी दावा है कि बाद में उसे उत्तर प्रदेश के वाराणसी ले जाकर मार दिया गया और इसे पुलिस एनकाउंटर बताया गया। इसी कथित फर्जी मुठभेड़ के विरोध में संगठन ने तीन दिन की बंदी बुलाई है।
TSPC ने ब्रजेश गंझू एनकाउंटर के विरोध में बंदी बुलाई:संगठन का दावा- पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ में मारा, 24 से 26 सितंबर तक बंद की घोषणा
