![]()
मुंगेर में गंगा का जलस्तर घटने के बाद दियारा क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सदर प्रखंड के कुतलुपुर गांव के वार्ड संख्या 6 में गंगा की तेज धार से कटाव शुरू हो गया है। इससे करीब 15 से 20 घर कटाव की चपेट में आ गए हैं। ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने अपने घर और गांव को बचाने के लिए जिला प्रशासन से जल्द कटाव रोकने का काम शुरू कराने की मांग की है। पक्का मकान का बचा हिस्सा भी गंगा में बहा गंगा किनारे स्थित एक पक्का मकान पहले ही कटाव की चपेट में आकर आधा टूट गया था। इसके बाद मकान मालिक घर छोड़कर दूसरी जगह चले गए थे। गुरुवार को मकान का बचा हुआ आधा हिस्सा भी गंगा में बह गया। इससे आसपास रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गई है। मिर्जाचक लगमा में भी कटाव का खतरा धरहरा प्रखंड के मिर्जाचक लगमा गांव में भी कटाव का खतरा बना हुआ है। यहां कई घर कटाव की चपेट में बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की है। अधिकारियों को जांच के निर्देश जिला आपदा अधिकारी कमल किशोर ने बताया कि ग्रामीणों से कटाव की जानकारी मिली है। अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया गया है। कटाव रोकने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई है। पिछले साल भी बह गई थी आधा किलोमीटर जमीन बताया गया कि कुतलुपुर में इस साल भी पहले कटाव हुआ था। इसके कारण कई ग्रामीणों को घर छोड़कर दूसरी जगह जाना पड़ा था। वर्ष 2025 में वार्ड संख्या 6 के हरि बाबू टोला में करीब आधा किलोमीटर जमीन गंगा में बह गई थी। इसके बाद सांसद और विधायक की पहल पर डीएम ने गांव को बचाने के लिए कटाव रोकने का काम कराया था। अब दोबारा कटाव शुरू होने से ग्रामीणों में फिर डर बना हुआ है।
मुंगेर में गंगा के कटाव से 20 घरों पर खतरा:कुतलुपुर में पक्का मकान पूरी तरह नदी में बहा, मिर्जाचक में भी कटाव; ग्रामीणों ने मांगी मदद
