ममता बनर्जी ने खुद को नजरबंद किये जाने का दावा करके पश्चिम बंगाल की राजनीति में सनसनी फैला दी है. पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने शनिवार को कहा- मुझे नजरबंद कर दिया गया है. तृणमूल कांग्रेस की रैली में जाने की अनुमति नहीं दी गयी. इतना ही नहीं, उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को गुंडा तक करार दे दिया.

ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) की सबसे बड़ी नेता ममता बनर्जी ने कहा- भाजपा के गुंडों ने श्रीरामपुर में तृणमूल की रैली स्थल तक जाने वाले रास्ते पर कब्जा कर लिया. वहां कोई पुलिस नहीं थी. ममता बनर्जी ने ये बातें अपनी पार्टी के एक नेता पर हुए कथित हमले के बाद कहीं.
ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा समर्थकों ने टीएमसी के नेता और विधायक कुणाल घोष पर हमला किया है. कुणाल को बुरी तरह से पीटा गया है. वह गंभीर रूप से घायल हैं. इतना ही नहीं, कार पर हमला भी किया गया है. ममता बनर्जी ने पूछा- कार पर हमले हो रहे हैं, विधायक को पीटा जा रहा है, पुलिस कहां है.
ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लिए यह शुभ संकेत नहीं है. विपक्षी पार्टी को कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दी जा रही है. उन्होंने कहा कि वह कोर्ट जा रही हैं. पश्चिम बंगाल की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार इस राज्य के लिए सही नहीं है.
