![]()
बांका के बौसी थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत पर किशोरी और उसके दो दोस्तों से छेड़खानी, अश्लील हरकत-मारपीट के वायरल वीडियो मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में चिन्हित तीन नामजद आरोपियों के घर के समीप सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने हटाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। एसडीएम राजकुमार के नेतृत्व में बीडीओ समेत प्रशासनिक टीम ने बाराहाट थाना क्षेत्र के निवासी अब्दुल्ला, विकास-नीतीश कुमार राय के घर के समीप सरकारी भूमि पर बने फूस के घर को हटाया। प्रशासन के अनुसार सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। देखें, मौके से आई तस्वीरें… फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट की जांच, एक्स-मेटा को नोटिस मामले से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बांका साइबर थाना ने एक्स और मेटा को नोटिस भेजा है। पुलिस ने ‘abdu.llahkhan630233’ नाम से संचालित फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट और संबंधित एक्स हैंडल के संचालक की जानकारी मांगी है। नोटिस में अकाउंट संचालक का नाम, मोबाइल नंबर, आईपी एड्रेस, जीपीएस लोकेशन और यूजर लॉग उपलब्ध कराने को कहा गया है। पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट हटाने के साथ डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का भी अनुरोध किया है। इसके अलावा अकाउंट को हाल में कब और कहां से एक्सेस किया गया तथा आपत्तिजनक सामग्री किस समय अपलोड हुई, इसकी जानकारी भी मांगी गई है। आईजी ने बौंसी पहुंचकर जांच की समीक्षा की मामले की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर प्रक्षेत्र के आईजी विवेक कुमार बौंसी पहुंचे। उन्होंने थाना परिसर में बांका एसपी अमितेश कुमार, एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। आईजी ने अब तक की जांच, आरोपियों की पहचान, वायरल वीडियो और डिजिटल साक्ष्यों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों को मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच कर कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। 3 जून की घटना, वीडियो में 3 सितंबर की तारीख पुलिस जांच में वायरल वीडियो में दिखाई गई घटना की तारीख 3 जून होने की पुष्टि हुई है। जांच के अनुसार किशोरी अपने दो दोस्तों के साथ मंदार पर्यटन स्थल घूमने आई थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उन्हें छोड़ने के बदले रुपये की मांग की थी। जांच में ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े साक्ष्य सामने आने के बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। फोन-पे से 1500 रुपये लेने का आरोप एसपी अमितेश कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पीड़िता के फोन-पे से 1500 रुपये लिए थे। इसके बाद दोबारा रुपये की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार रुपये नहीं मिलने के बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। वायरल वीडियो में 3 सितंबर की तारीख दिखाई दे रही थी, जबकि पुलिस जांच में घटना की वास्तविक तारीख 3 जून सामने आई है। वीडियो में आपत्तिजनक गीत के इस्तेमाल की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है। तीन युवक वीडियो में दिखे, कुछ हिरासत में बांका एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो में तीन युवक दिखाई दे रहे हैं। प्रारंभिक जांच में उनके द्वारा किशोरी और उसके दोस्तों के साथ मारपीट करने तथा 1500 रुपये लेने की बात सामने आई है। एसपी ने बताया कि उन्होंने स्वयं पीड़िता से बात कर घटना की जानकारी ली है। एसपी के अनुसार तीनों आरोपी बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस वीडियो, डिजिटल साक्ष्य, ऑनलाइन लेनदेन और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बांका-मंदार पर्वत छेड़खानी केस में प्रशासन का बड़ा एक्शन:सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया, साइबर थाना ने 'एक्स'-मेटा को भेजा नोटिस
