![]()
जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सिमडेगा पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में थाना व ओपी प्रभारियों के नेतृत्व में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 सितंबर से 23 सितंबर तक जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। पुलिस की ओर से बताया गया कि अभियान के दौरान अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किए गए 312 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया गया। इसके अलावा 21 लीटर महुआ शराब भी विनष्ट की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली शराब की भट्ठियों को भी ध्वस्त किया गया। पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए छापेमारी के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब का कारोबार न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है,बल्कि इससे सामाजिक स्तर पर भी कई तरह की समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसी को देखते हुए पुलिस द्वारा कार्रवाई के साथ लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। लोगों से अपने आसपास के लोगों को भी अवैध शराब और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) के मोबाइल नंबर पर दी जा सकती है। जिले में अवैध शराब के खिलाफ जागरूकता और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।
अवैध शराब के खिलाफ सिमडेगा पुलिस का अभियान 312 किलो जावा महुआ और 21 लीटर महुआ शराब नष्ट
