![]()
वियतनाम के दलात शहर में तेज बारिश के बीच हुए सड़क हादसे में रांची के 26 वर्षीय योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा उर्फ यश वर्मा की मौत हो गई। हादसे में उनके साथ स्कूटी पर सवार जमशेदपुर के कदमा निवासी दोस्त विनय कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। राजा सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली, चूना भट्ठा स्थित श्री नारायण प्रजापति पथ के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके घर और आसपास के इलाके में मातम पसर गया। रिश्तेदार और पड़ोसी शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। वियतनाम में रहने वाले राजा के मामा राहुल कुमार ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। योग की क्लास लेने के बाद लौट रहे थे परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार राजा पिछले कुछ समय से वियतनाम में योग शिक्षक के रूप में काम कर रहे थे। वह एक निजी घर में योग की क्लास लेने के बाद दोस्त विनय के साथ स्कूटी से कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच घाटी क्षेत्र में स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजा के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं विनय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार राजा करीब एक साल पहले वियतनाम गए थे। करीब तीन महीने पहले ही उन्होंने दलात शहर में अपना ठिकाना बनाया था और वहां योग सिखाने का काम कर रहे थे। सोमवार शाम तक शव पहुंचने की उम्मीद हादसे के बाद राजा के पार्थिव शरीर को वियतनाम से रांची लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। इसके लिए जरूरी कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। परिजनों के अनुसार, यदि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो सोमवार शाम तक विमान से राजा का पार्थिव शरीर रांची पहुंचने की उम्मीद है। राजा की असमय मौत की खबर से सुखदेवनगर स्थित उनके आवास और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलने के बाद से रिश्तेदार लगातार परिवार के संपर्क में हैं। शव के रांची पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
रांची के योग शिक्षक की वियतनाम में मौत:बेकाबू स्कूटी कार से टकरायी, जमशेदपुर का दोस्त गंभीर, सोमवार तक पहुंच सकती है बॉडी

