![]()
रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से 24 सितंबर को लापता हुआ 4 वर्षीय मासूम साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपाड़ा से सकुशल बरामद कर लिया गया। रांची पुलिस ने साहिबगंज पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए बच्चे को बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें चार तीनपहाड़ और एक राजमहल क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। बच्चे के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा रांची से तीनपहाड़ तक कैसे पहुंचा और उसे यहां किस उद्देश्य से लाया गया था। ट्रेन बदलने के दौरान हुआ था गायब जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां दिलमेट राजवाड़े आंध्र प्रदेश के सलेम से अपने बेटे के साथ छत्तीसगढ़ स्थित घर लौट रही थीं। ट्रेन बदलने के लिए वह रांची रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। इसी दौरान स्टेशन के बाहर उनका चार वर्षीय बेटा अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर मां ने चुटिया थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद चुटिया पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने धनबाद पुलिस के सहयोग से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस को बच्चे के तीनपहाड़ में होने की जानकारी मिली। बाबूपाड़ा में छापेमारी कर किया बरामद इसके बाद रांची पुलिस की टीम तीनपहाड़ पहुंची और स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से बाबूपाड़ा में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। सभी संदिग्धों को रांची ले जाकर पूछताछ किए जाने की बात कही जा रही है। मोबाइल चोरी के लिए बच्चे के इस्तेमाल का भी संदेह सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस जांच में इस आशंका को भी ध्यान में रखा जा रहा है कि बच्चे के अपहरण के पीछे मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह की भूमिका हो सकती है। स्थानीय स्तर पर ऐसी चर्चा है कि कुछ गिरोह बच्चों को मोबाइल चोरी के लिए प्रशिक्षित कर इस तरह की गतिविधियों में इस्तेमाल करते हैं। आशंका जताई जा रही है कि इसी उद्देश्य से बच्चे को रांची से तीनपहाड़ लाया गया हो। हालांकि, पुलिस ने अभी तक बच्चे के अपहरण के पीछे मोबाइल चोरी या किसी गिरोह की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बच्चे के तीनपहाड़ पहुंचने की कड़ी जोड़ रही पुलिस मासूम की बरामदगी के बाद पुलिस अब घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि रांची स्टेशन से लापता होने के बाद बच्चा किन परिस्थितियों में तीनपहाड़ पहुंचा। उसे कौन लोग लेकर आए और इसके पीछे उनका उद्देश्य क्या था, इन सवालों का जवाब पुलिस पूछताछ के जरिए तलाश रही है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में चुटिया थाना की इंस्पेक्टर पूनम कुजूर, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार, खड़गड़ा टीओपी प्रभारी अभिषेक कुमार समेत पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस के अनुसार, संदिग्धों से पूछताछ पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रांची से लापता 4 साल का मासूम साहिबगंज से बरामद:तीनपहाड़ के बाबूपाड़ा में किया बरामद, पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया
