![]()
पलामू के पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी पंकज उरांव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पंकज की हत्या उसकी पत्नी अनीमा कुमारी ने अपने पिता रामजन्म उरांव के साथ मिलकर 10 लाख रुपए की सुपारी देकर कराई थी। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, ससुर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अनीमा ने पुलिस को बताया कि वह पति की प्रताड़ना से परेशान थी और पति उसे हत्या की धमकी देता था। उसका कहना था कि यदि वह पति को नहीं मारती तो पति उसे मार देता। अनीमा और पंकज की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। जुलाई में पंकज के बाहर काम करने जाने के दौरान अनीमा मायके चली गई थी। वहां उसने पिता से पति की शिकायत की। इसके बाद दोनों ने मिलकर पंकज की हत्या की योजना बनाई। जमीन के मुआवजे से दिए 10 लाख एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि अनीमा के पिता रामजन्म उरांव चियांकी के रहने वाले हैं। उन्हें नेशनल हाईवे के लिए जमीन अधिग्रहण के एवज में 50 लाख रुपए का मुआवजा मिला था। इसी रकम में से 10 लाख रुपए पंकज की हत्या के लिए सतबरवा के खामडीह निवासी तेतरी देवी और उसके पति पिंटू कुमार को दिए गए। तेतरी देवी झाड़-फूंक करती है। इसी सिलसिले में अनीमा की उससे पहचान हुई थी। सुपारी की रकम मिलने के बाद तेतरी ने हत्या की साजिश में अपने साथ रहने वाली रिंकी देवी, पाटन के किसैनी निवासी जितेंद्र उरांव और लेस्लीगंज के एकता निवासी दिलेश्वर सिंह को शामिल किया। पुलिस ने इस मामले में पत्नी और ससुर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। काजल बनकर फोन किया, मिलने बुलाया पुलिस के अनुसार, पंकज कुछ दिन पहले बाहर से काम कर वापस लौटा था। इसके बाद तेतरी देवी और रिंकी देवी ने काजल नाम से फोन कर उसे प्यार के जाल में फंसाया। दोनों ने पंकज को 17 सितंबर को मिलने के लिए बुलाया। पंकज दोनों महिलाओं को बाइक पर बैठाकर एकता जंगल पहुंचा। इसी दौरान हत्या की साजिश में शामिल पुरुष आरोपी भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि जंगल में सभी ने मिलकर पंकज की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को वहीं छोड़ दिया गया। 23 सितंबर को पंकज का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद से ही पंकज के परिजन उसकी पत्नी के मायके पक्ष के लोगों पर हत्या का शक जता रहे थे। सात आरोपी पुलिस गिरफ्त में शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, पति की प्रताड़ना से परेशान अनीमा ने अपने पिता के साथ मिलकर पंकज की हत्या की योजना बनाई और इसके लिए 10 लाख रुपए की सुपारी दी गई। इसके बाद तेतरी देवी ने अन्य लोगों को साजिश में शामिल किया और पंकज को झांसे में लेकर एकता जंगल बुलाया गया। वहां उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी अनीमा कुमारी, उसके पिता रामजन्म उरांव, तेतरी देवी, उसके पति पिंटू कुमार समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है।
पति को नहीं मारती तो पति उसे मार देता:प्रताड़ना से परेशान प्रेमिका बनकर बुलाया, जंगल में गला दबाकर मार डाला; 7 गिरफ्तार
