
आसनसोल से संतोष कुमार की रिपोर्ट
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात कांस्टेबल मोनू साहू की हृदयाघात से मौत हो गयी. 2 दिन पहले ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद मौत की जानकारी सामने आयी. रविवार को उनका पार्थिव शरीर आसनसोल के महिशीला स्थित पैतृक गांव पहुंचा. पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी.
खाना खाकर सोये तो फिर नहीं उठे मोनू साहू
उनके साथियों ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद मोनू साहू अपने अन्य साथियों के साथ सो गये थे. सुबह जब वे सोकर नहीं उठे, तो साथियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. बीएसएफ के जवान एसआई आनंद कर्मकार ने बताया कि चिकित्सकों ने उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बतायी है.
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल : हाबरा थाने के पुलिस बैरक में एसआई की मौत, कमरे में फंदे पर लटका मिला शव
बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने शोक व्यक्त किया
मोनू साहू के निधन की खबर मिलने के बाद आसनसोल दक्षिण की विधायक और पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को उनके घर भेजा. परिजनों को आश्वासन दिया कि बंगाल सरकार उनके साथ है. परिवार को राज्य की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जायेगा.
महिशीला में अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
मोनू साहू का पार्थिव शरीर महिशीला स्थित उनके पैतृक घर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे. जवान की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने नम आंखों से मोनू साहू को अंतिम श्रद्धांजलि दी.
ये भी पढ़ें: भारत को तोड़ने की बात करने वालों के टुकड़े-टुकड़े कर देंगे : शुभेंदु अधिकारी
The post बीएसएफ जवान मोनू साहू की श्रीनगर में मौत, आसनसोल के महिशीला में मातम, श्रद्धांजलि देने वालों का तांता appeared first on Prabhat Khabar.

