![]()
विवाश्री मिस एंड मिसेज झारखंड-2026 का ग्रैंड फिनाले होटल रामाडा में उत्साह और आकर्षण के बीच संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रैंप वॉक, स्टेज परफॉर्मेंस और प्रश्नोत्तर के अलग-अलग चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसमें आयोजक प्रवीण सिन्हा, निदेशक, आइस ब्रेकर ओशन विजन प्रा. लि., प्रकाश सिंह, निदेशक, विवाश्री प्रा. लि. और जितेंद्र नाथ मिश्रा, मार्केटिंग मैनेजर, सेंट्रो सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके बाद जूरी सदस्यों का मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया गया। प्रतियोगिता के मुख्य जज मिस वर्ल्ड-2022 सरगम कौशल, आशिमा कुमार और डॉ. श्वेता नारायण, सीईओ, झारखंड कैंसर सेंटर रहीं। तीन राउंड में दिखी प्रतिभा, झारखंडी परिधान में किया कैटवॉक प्रतियोगिता में तीन राउंड आयोजित किए गए। पहले राउंड में प्रतिभागियों ने परिचय के माध्यम से अपनी व्यक्तित्व और प्रतिभा को प्रस्तुत किया। दूसरे राउंड में प्रतिभागियों ने झारखंड की पारंपरिक पोशाक में कैटवॉक किया। इसके बाद अंतिम चरण प्रश्नोत्तर का रहा, जिसमें छह प्रतिभागियों ने जगह बनाई। प्रश्नों के जवाब और मंच पर प्रस्तुतिकरण के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। मुख्य जजों ने कहा कि इस तरह का मंच राज्य की महिलाओं को अपनी आवाज, व्यक्तित्व और प्रतिभा सामने रखने का अवसर देता है। परिवार का सहयोग और प्रोत्साहन मिले तो महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। मिस वर्ल्ड-2022 सरगम कौशल ने झारखंड में इस तरह के आयोजन को लेकर खुशी जतायी। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें काफी खुशी महसूस हो रही है और ऐसा लग रहा है जैसे वह भी पहली बार किसी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हों। 500 प्रतिभागियों में से 28 पहुंचीं फिनाले तक आयोजक प्रवीण सिन्हा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से मिसेज झारखंड वर्ग में 16 और मिस झारखंड वर्ग में 12 प्रतिभागियों का चयन ग्रैंड फिनाले के लिए किया गया। फिनाले में मिसेज झारखंड-2026 का ताज प्रिया सिंह राव ने जीता। अनामिका प्रथम रनर-अप और सोनी रानी द्वितीय रनर-अप रहीं। वहीं मिस झारखंड-2026 की विजेता सृष्टि केरकेट्टा बनीं। राजदीप कौर प्रथम रनर-अप और तानिष्का मेहता द्वितीय रनर-अप रहीं। आयोजक के अनुसार, विजेताओं को 50 हजार रुपये की असाइनमेंट पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा उन्हें मिस वर्ल्ड और मिसेज वर्ल्ड जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचने तथा ब्रांड विज्ञापनों में काम करने के अवसर भी दिए जाएंगे।
रांची के रैंप पर हुनर का जलवा:प्रिया सिंह राव बनीं मिसेज झारखंड, सृष्टि केरकेट्टा मिस झारखंड

