![]()
गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र के शहरी इलाके में उस वक्त हलचल मच गई, जब अपने झुंड से बिछड़कर एक जंगली हाथी बसिया-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर पहुंच गया। हाथी की यह पूरी चहलकदमी पास के आशीर्वाद अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के तुरंत बाद अस्पताल संचालक ने इसकी सूचना बसिया पुलिस और वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम हाथी को रिहाइशी इलाके से सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने में जुट गई। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से रात में सतर्क रहने, हाथी से छेड़छाड़ न करने और दोबारा नजर आने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। बता दें कि पालकोट-बसिया सीमा क्षेत्र में सोमवार को 17 जंगली हाथी आ गए हैं। ये हाथी अभी भी इलाके में मौजूद हैं, जिससे लोगों में डर है। ग्रामीण रातभर जागकर रखवाली कर रहे हैं। अब तक इन हाथियों ने सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद कर दी है।
गुमला के बसिया में झुंड से भटका हाथी घुसा:CCTV में कैद हुई चहलकदमी, वन विभाग ने खदेड़ा; प्रशासन ने लोगों को किया अलर्ट
