
पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार ने ममता बनर्जी सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई ‘सबुज साथी’ योजना का नाम बदल दिया है. इस योजना का नाम अब ‘सारथी’ योजना हो गया है. इस स्कीम के तहत इस शैक्षणिक वर्ष में राज्य के 12.59 लाख स्टूडेंट्स को साइकिल दी जायेगी. सरकार ने इस योजना के लिए 300 करोड़ रुपए आवंटित किये हैं.
अब आठवीं से ही स्टूडेंट्स को मिलेगी साइकिल
कोलकाता से सटे हावड़ा जिले के बेंटरा स्थित मधुसूदन पाल चौधरी स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ‘सारथी’ योजना की शुरुआत की. इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि अब कक्षा आठ से ही विद्यार्थियों को साइकिल दी जायेगी. इससे पहले कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों को साइकिल दी जाती थी.
निम्न स्तर की साइकिल देती थी तृणमूल सरकार
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान ‘सबुज साथी’ योजना के तहत विद्यार्थियों को निम्न स्तर की साइकिलें दी जाती थीं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार की ‘सबुज साथी’ योजना का नाम बदलकर ‘सारथी’ कर दिया है. इस योजना के तहत विद्यार्थियों को अच्छी साइकिल मिलेगी.
ये भी पढ़ें: क्या है पश्चिम बंगाल का ‘सबुज साथी’ योजना? गणतंत्र दिवस परेड की झांकी में होगा शामिल
हावड़ा में बनेगा साइकिल कारखाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हावड़ा में उच्च गुणवत्ता वाली साइकिल बनाने के लिए कारखाना स्थापित करने के लिए जमीन आवंटित करेगी. उन्होंने बताया कि ‘सारथी’ योजना के लिए स्कूलों को संयुक्त अनुदान के तौर पर 300 करोड़ रुपए आवंटित किये गये हैं. मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति के तहत एक विशेष समुदाय के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इसमें बदलाव करेगी. सनातन धर्म के साथ-साथ अन्य धर्मों के विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति दी जायेगी.
‘तरुणेर स्वप्न’ योजना बंद, अब छात्रों को नहीं मिलेंगे 10 हजार रुपए
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार उच्च माध्यमिक के विद्यार्थियों को स्मार्टफोन और मोबाइल टैबलेट खरीदने के अब 10 हजार रुपए नहीं देगी. ममता बनर्जी सरकार की ‘तरुणेर स्वप्न’ योजना का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई की सामग्री खरीदने के लिए अधिक पैसे दिये जायेंगे.
ये भी पढ़ें: बंगाल में सवाल पर सियासी बवाल, WBCS परीक्षा में ‘सबुज साथी’ का प्रश्न, BJP का आरोप- ‘दीदी को विज्ञापन करना है’
स्कूलों में एनसीसी शुरू करने की पहल
उन्होंने स्कूलों में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कार्यक्रम बंद किये जाने को लेकर वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस सरकारों पर भी आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बात की है.
‘राष्ट्रवाद व श्यामा प्रसाद के आदर्शों से प्रेरणा लें स्टूडेंट्स’
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विद्यार्थियों से राष्ट्रवाद की भावना से प्रेरित होने की अपील की. उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को सनातनी हिंदुओं की मातृभूमि की रक्षा के लिए उनके योगदान और बलिदान को याद रखना चाहिए.
विद्यार्थियों के साथ बैठकर खाया मिड-डे मील
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूल में मिड-डे मील की व्यवस्था का निरीक्षण किया. विद्यार्थियों के साथ बैठकर उन्होंने भोजन भी किया. सीएम ने भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों की तारीफ की.
विद्यार्थियों के बीच साइकिल का किया गया वितरण
मधुसूदन पाल चौधरी स्कूल के प्रधान शिक्षक तन्मय चक्रवर्ती ने बताया कि कार्यक्रम पहले से निर्धारित था और इसी के माध्यम से स्कूल परिसर से ‘सारथी’ योजना की शुरुआत की गयी. उन्होंने इसे स्कूल के लिए गर्व का अवसर बताया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच साइकिलें भी वितरित की गयीं. प्रधान शिक्षक ने कहा कि स्कूल ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान है. इसे और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाये जायेंगे.
मिड-डे मील में क्या-क्या बना था
- भात
- दाल
- आलू-सोयाबीन की सब्जी
- चटनी
कार्यक्रम में ये लोग भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन, राज्यमंत्री उमेश राय, विधायक संजय सिंह, विधायक रुद्रनील घोष सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
The post शुभेंदु सरकार ने ‘सबुज साथी’ योजना का नाम बदला, ‘सारथी’ योजना से 12.59 लाख स्टूडेंट्स को मिलेगी साइकिल appeared first on Prabhat Khabar.
