![]()
दरभंगा में बुधवार देर शाम एक रेस्टोरेंट संचालक के साथ मारपीट हुई है। बकाया पैसे मांगने पर चाकू, लोहे की रॉड, डंडे और प्लास्टिक पाइप से लैस युवकों ने मारपीट की गई। इस दौरान रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ भी की गई है। महिला कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई है। घायल संचालक की पहचान मधुबनी जिले सरसोपाही रामपुर निवासी अवधेश कुमार झा के पुत्र सुमित कुमार झा (32) के तौर पर हुई है। सर्वे कार्यालय परिसर में झटका मीट रेस्टोरेंट चलाते हैं। इलाज के लिए DMCH में एडमिट कराया गया है। घटना नगर थाना क्षेत्र की है। मौके से आई 2 तस्वीरें… ‘खाना खाने के बाद बिना पैसा दिए चले गए थे’ पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले दीपक झा अपने आठ दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने आया था। उस समय मैं वहां मौजूद नहीं था। खाना खाने के बाद उनलोगों ने कहा कि अभी पैसे नहीं है, एक-दो दिन में पेमेंट करेंगे। 3,180 रुपए का बिल बना था। पैसे के लिए जब दीपक को फोन किया तो पहले उसने बैंक खाता नंबर भेजने को कहा। अकाउंटर नंबर भेजने के बाद भी पैसे नहीं दिए। दोबरा फोन करने पर उसने कहा कि अगली बार रेस्टोरेंट में खाना खाने आएंगे, तब पेमेंट करेंगे। फेसबुक पर वीडियो डालने के बाद भी हटाया सुमित के अनुसार, कुछ दिन पहले रेस्टोरेंट में आए युवकों ने महिला कर्मियों के साथ भी बदतमीजी की थी। इसी घटना से संबंधित एक छोटा वीडियो उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट किया था। समझाने के बाद करीब 15 मिनट के अंदर वीडियो हटा दिया गया। लोहे की रॉड और चाकू से हमले का आरोप सुमित ने बताया कि बुधवार शाम आरोपी दीपक झा करीब 20 युवकों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचा। उनके हाथों में लोहे की रॉड, प्लास्टिक पाइप, चाकू और डंडे थे। सभी ने पहुंचते ही रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ शुरू कर दी। रोकने पर उनके साथ मारपीट की गई। कुर्सी और डंडे से पीटने के कारण उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सिर में कई टांके लगे हैं। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं रेस्टोरेंट की महिला कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप है। पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, घायल के स्वस्थ होने के बाद आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, सर्वे कार्यालय परिसर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में रेस्टोरेंट में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दरभंगा में रेस्टोरेंट संचालक से मारपीट:बकाया मांगने पर चाकू, लोहे की रॉड से हमला; महिला स्टाफ से भी धक्का-मुक्की

