चंदनकियारी | बरमसिया ग्रिड से जुड़े चंदनकियारी और मामरकुदर विद्युत उपकेंद्र के हजारों उपभोक्ता मंगलवार शाम करीब 5 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक 15 घंटे तक अंधेरे में रहे। ब्लैक आउट के कारण करीब 1.50 लाख की आबादी रातभर गर्मी और अंधेरे में परेशान रही। बिजली नहीं रहने से घरेलू कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई। दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। आरोप है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पिछले कई दिनों से बदहाल है। थोड़ी देर बिजली आने के बाद दो-तीन घंटे तक कटौती हो रही है। मानसून के दौरान भी नियमित आपूर्ति नहीं मिल रही है। रात 8 बजे के बाद फॉल्ट होने पर मरम्मत नहीं होने से पूरी रात बिजली गुल रहती है।
