लातेहार|झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक सहारा बन रही है। योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक समुदाय के पात्र लोगों को बीमारी, सर्जरी, कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि योजना का उद्देश्य यह है कि पैसे के अभाव में किसी गरीब का इलाज बाधित नहीं हो। उन्होंने कहा कि जिले के सुदूरवर्ती इलाकों में रहने वाले योग्य लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रखंड स्तर पर प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया गया है। योजना में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लाभुकों को बीमारी के अनुसार 3 हजार से 25 हजार रुपए तक सहायता मिलती है। 18 वर्ष से कम उम्र के लाभुकों को 1,500 से 15 हजार रुपए तक सहायता दी जाती है। गर्भावस्था, प्रसव को छोड़कर बीमारी, शल्य चिकित्सा से पीड़ित पात्र लोग योजना का लाभ ले सकते हैं। आवेदन के लिए ऑनलाइन निर्गत जाति प्रमाण पत्र, बीमारी से संबंधित प्रमाण पत्र या चिकित्सा प्रतिवेदन, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति समेत निर्धारित दस्तावेज जमा करने होंगे। अधिक जानकारी, प्रखंड कार्यालय, जिला कल्याण पदाधिकारी, परियोजना निदेशक आईटीडीए कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
