विजेता को सम्मानित करते निदेशक।
नालंदा में वन्यजीव सप्ताह-2026 के अवसर पर 6 किलोमीटर लंबी ‘वाइल्ड मैराथन’ का सफल आयोजन किया गया। राजगीर जू सफारी और जिला वन प्रमंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दौड़ में अलग-अलग जिलों के 170 युवाओं, छात्रों और प्रकृति प्रेमियों ने भाग लिया।
.
प्रतिभागियों को दिए गए मेडल
मैराथन की शुरुआत सोमवार सुबह 6:00 बजे सोन भंडार स्थित नेचर सफारी गेट से हुई, जहां राजगीर जू सफारी के निदेशक राम सुन्दर एम ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक 6 किलोमीटर की दूरी तय की और नेचर सफारी के बुद्ध गेट पर पहुंचकर दौड़ पूरी की।

प्रतिभागियों को दिए गए मेडल और सर्टिफिकेट
प्रकृति संरक्षण में समाज और युवाओं की भागीदारी जरूरी: निदेशक
इस अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए निदेशक राम सुन्दर एम ने कहा कि वन्यजीव सप्ताह केवल जागरूकता का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी को सुदृढ़ करने का अवसर है।
‘वन्यजीव और प्रकृति हमारे जीवन व पर्यावरण संतुलन के अभिन्न अंग हैं। इनके संरक्षण के लिए सिर्फ सरकारी प्रयास काफी नहीं हैं, समाज के हर वर्ग और विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी इस दिशा में सकारात्मक बदलाव की आधारशिला बनेगी। ऐसे आयोजन लोगों को प्रकृति से भावनात्मक रूप से जोड़ने का काम करते हैं।’

रन फॉर वाइल्ड का हुआ आयोजन।
बिपिन प्रथम, राहुल दूसरे और सिताराम तीसरे स्थान पर रहे
मैराथन के समापन के बाद आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में चेतनालय (राजगीर) के बिपिन कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, जत्ती भगवानपुर के राहुल कुमार द्वितीय और मोरब्बीचक के सिताराम कुमार तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को निदेशक द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों और वनकर्मियों की रही मौजूदगी
इस आयोजन के दौरान सहायक वन संरक्षक (जू सफारी) अजय कुमार, वन क्षेत्र पदाधिकारी शिवम सिंहा, सूरज कुमार, श्याम पाण्डेय, कुलदीप चौहान सहित बड़ी संख्या में वनकर्मी और आम नागरिक मौजूद रहे। दौड़ के माध्यम से लोगों को वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्वस्थ व सक्रिय जीवनशैली अपनाने का भी संदेश दिया गया।
