![]()
कैमूर के मोहनिया चेकपोस्ट की बदहाल और जर्जर स्थिति को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। चेकपोस्ट के आसपास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और खराब सतह के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। भारी वाहनों के लगातार दबाव के चलते हादसों का खतरा भी बना रहता है। अब प्रशासन ने चेकपोस्ट को आधुनिक मॉडल चेकपोस्ट के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। भारी वाहनों के दबाव से सड़क की हालत खराब मोहनिया चेकपोस्ट से बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इनमें भारी वाहनों की संख्या भी अधिक है। लगातार भारी वाहनों के परिचालन और सड़क की खराब स्थिति के कारण चेकपोस्ट के आसपास जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। डीएम बोले- मॉडल चेकपोस्ट के रूप में होगा विकास जिला अधिकारी कुमार अनुराग ने चेकपोस्ट के आसपास सड़क की खराब स्थिति को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि यहां बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन और परिचालन होता है। ऐसे में चेकपोस्ट की मौजूदा स्थिति को देखते हुए इसे आधुनिक और मॉडल चेकपोस्ट के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। डीएम के अनुसार, सड़क की मरम्मत और चेकपोस्ट को आधुनिक तरीके से री-डेवलप करने के लिए संबंधित विभाग से पत्राचार किया जा रहा है। इसके लिए प्रस्ताव भी भेजा जा रहा है। बेहतर सड़क से आवागमन होगा सुगम, राजस्व में भी बढ़ोतरी की उम्मीद प्रशासन का मानना है कि चेकपोस्ट के आसपास सड़क की स्थिति बेहतर होने और आधुनिक सुविधाएं विकसित किए जाने से वाहनों का आवागमन अधिक सुचारू होगा। इससे वाहन जांच और राजस्व संग्रह की प्रक्रिया भी बेहतर तरीके से संचालित की जा सकेगी। प्रशासन को उम्मीद है कि मॉडल चेकपोस्ट विकसित होने के बाद न केवल वाहन चालकों को राहत मिलेगी, बल्कि राज्य के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।
जर्जर मोहनिया चेकपोस्ट का होगा कायाकल्प:कैमूर में मॉर्डन मॉडल चेकपोस्ट के रूप में होगा विकसित, सड़कों की भी होगी मरम्मत
