![]()
गिरीडीह के डुमरी थाना क्षेत्र के इसरी रेलवे फाटक के पास पारसनाथ स्टेशन की रेल लाइन के किलोमीटर संख्या 316/27 के पास एक महिला का शव मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना के बाद रेलवे के अधिकारी, आरपीएफ, पीडब्ल्यूआई एवं स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों की ओर से शव की पहचान 26 वर्षीय किरण देवी के रूप में की गई। तीन वर्षीय एक बेटा भी है मृतका की मां गीता देवी ने बताया कि किरण की शादी 2021 में इसरी के गट्ठीगढ़ा निवासी महेश ठाकुर के साथ हुई थी। दोनों का करीब तीन वर्षीय एक बेटा भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही बेटी और दामाद के बीच अक्सर विवाद होता था। मृतका की मां का आरोप है कि महेश ठाकुर का अपने एक रिश्तेदार की भाभी के साथ कथित अवैध संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार अनबन रहती थी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग गीता देवी के अनुसार, विवाद के दौरान कई बार किरण के साथ मारपीट भी की गई थी। मामले को लेकर पंचायत भी हुई थी और कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
रेलवे ट्रैक पर मिला महिला का शव:मायके पक्ष ने पति पर हत्या का लगाया आरोप, अवैध संबंध के शक में होता था दंपती के बीच विवाद

