![]()
दो साल पहले प्रेम विवाह करने वाले सौरभ कुमार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी कल्पना कुमारी ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और दूसरी शादी की धमकी देने का आरोप लगाया है। यह घटना शाहकुंड थाना क्षेत्र के गोरगामा गांव की है। कल्पना को पति के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मौसी से मिली। जब वह मायागंज अस्पताल पहुंची, तो पति का शव देखकर हैरान रह गई। उसने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। कल्पना के मुताबिक, 2024 में उसने सौरभ से प्रेम विवाह किया था और उनका एक बच्चा भी है। शादी के बाद ससुराल वाले उसे तिलक-दहेज न लाने का ताना देते थे। वे सौरभ की दूसरी शादी कराने की धमकी भी देते थे। लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण कल्पना ससुराल छोड़कर अपनी बुआ के घर रहने लगी थी। उसे पति के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना ससुराल वालों ने नहीं दी थी। सुबह फोन आया—सौरभ मायागंज अस्पताल में भर्ती है।
कल्पना अपने माता-पिता और बुआ के साथ आनन-फानन में मायागंज पहुंची। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी उसने कल्पना तक नहीं की थी। वहां सौरभ जिंदा नहीं था।
लव मैरिज…एक बच्चा…फिर मौत! आखिर क्या हुआ?
पति की मौत के बाद कल्पना ने ससुराल पक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि जिस रिश्ते को लेकर उसने प्रेम विवाह किया था, उसी रिश्ते में उसे कथित तौर पर प्रताड़ना झेलनी पड़ी और अब पति की मौत हो गई।
हालांकि सौरभ की मौत की असली वजह अभी साफ नहीं है। यह आत्महत्या है, बीमारी से मौत हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है—इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मौत से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
