Wednesday, October 7, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

बिहार MLC चुनाव: दरभंगा में क्यों उमड़े सबसे ज्यादा उम्मीदवार, जानें किस क्षेत्र में है सबसे कड़ा मुकाबला

पटना से मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट

विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हो रहे चुनाव को लेकर बिहार का राजनीतिक तापमान चढ़ने लगा है. उम्मीदवारी को लेकर एनडीए और महागठबंधन के सभी दल आपसी खींचतान से परेशान हैं.बड़े दलों के बीच चल रहे आपसी खींचतान के बीच भाकपा माले, जनसुराज और आम आदमी पार्टी भी चुनाव मैदान में ताल ठोक रही है. इस चुनाव का परिणाम का सरकार के हित पर कोई असर नहीं डाले पर राजनीतिक हलके में भूचाल लायेगा, इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्तूबर को होने वाले चुनाव में सबसे अधिक दरभंगा स्नातक क्षेत्र में उम्मीदवारी आयी है.

40 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन का परचा

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल चालीस उम्मीदवारों ने अपने नामांकन का परचा दाखिल किया है. मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन था. इस सीट पर एनडीए में भाजपा की प्रतिष्ठा दाव पर है. भाजपा ने यहां मौजूदा विधान पार्षद सर्वेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है. जबकि महागठबंधन में कांग्रेस, राजद और भाकपा माले ने अपने-अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं. कांग्रेस ने रजनीकांत पाठक को उम्मीदवार बनाया है. राजद ने अनिल कुमार झा को और भाकपा माले ने संदीप कुमार को प्रत्याशी बनाया है.

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मात्र 14

चुनाव आयोग की मंगलवार की देर शाम जारी रिपोर्ट के अनुसार दरभंगा स्नातक निर्वाचन के लिए इनके अलावा 36 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं. दूसरी ओर दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मात्र 14 है. यहां कांग्रेस के निवर्तमान विधान पार्षद डा मदन मोहन झा एक बार फिर मैदान में हैं. जबकि, उनके खिलाफ राजद ने कुमर राय और एनडीए में जदयू से घनश्याम राय चुनाव समेत 11 अन्य मैदान में हैं.

स्नातक उम्मीदवारी में कोसी में सबसे कम 16 उम्मीदवार

चुनाव आयोग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सबसे कम 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. जबकि पटना दूसरे नंबर पर है. यहां 22 उम्मीदवारों ने नामांकन का परचा भरा है. तिरहुत स्नातक के लिए 20 परचा दाखिल हुआ.

सात को नामांकन पत्रों की जांच

सभी नामांकन पत्रों की जांच सात अक्तूबर को की जायेगी. नौ अक्तूबर को नाम वापसी की तिथि निर्धारित है. उम्मीद की जा रही है नाम वापसी के बाद चुनाव की वास्तविक स्थिति का पता चल पायेगा.

बैलेट पेपर से होगा चुनाव, 23 को वोट और 27 को परिणाम

विधान परिषद की इस द्वि वार्षिक चुनाव में बैलेट पेपर से वोट डाले जायेंगे. 23 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक वोट डालेंगे. 27अक्तूबर को मतों की गिनती होगी और परिणाम जारी होगा.

आठ सीटों का दायरा 30 जिलों तक फैला है

विधान परिषद की आठ सीटों (चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) पर होने वाले चुनाव का दायरा 30 जिलों और करीब 150 विधानसभा क्षेत्रों तक फैला हुआ है. इस चुनाव में आम मतदाता वोट नहीं करते हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में केवल वही नागरिक वोट डालते हैं, जो कम से कम तीन वर्ष पूर्व स्नातक पास कर चुके हों और जिन्होंने फॉर्म-19 भरा हुआ हो. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में माध्यमिक या उससे उच्च शिक्षण संस्थानों में न्यूनतम तीन वर्षों से काम करने वाले शिक्षक ही मतदाता बन सकते हैं. इसके लिए उन्हें फॉर्म-20 भरना होता है. स्नातक व शिक्षक क्षेत्र में वही जिले आते हैं तो स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आते हैं.

स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के जिले और वोट

पटना स्नातक-शिक्षक सीट:

इस निर्वाचन क्षेत्र में पटना के अलावा नालंदा और नवादा जिले आते हैं, जिसमें कुल 25 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं. यहां 88 हजार ग्रेजुएट वोट करेंगे. करीब 18 हजार शिक्षक वोटर हैं.

दरभंगा स्नातक-शिक्षक सीट:

इस क्षेत्र में दरभंगा के अलावा मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय जिले आते हैं, जिसमें कुल 37 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं. यहां 1.15 लाख मतदाता पंजीकृत हैं.

तिरहुत स्नातक-शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र:

मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर जिले के 28 विधानसभा क्षेत्र इसके अंदर आते हैं. 1.50 लाख ग्रेजुएट वोटर हैं.

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र:

इस क्षेत्र का दायरा सबसे बड़ा है. इसमें सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, शेखपुरा, भागलपुर और बांका समेत 14 जिले शामिल हैं. यहां कुल 64 विधानसभा क्षेत्र आते हैं. इस सीट पर 1.20 लाख मतदाता वोट करेंगे.

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र:

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सारण, सीवान और गोपालगंज के जिले आते हैं.यहां एनडीए के जदयू से पुष्कर आनंद और रालोमो के बागी रामपुकार सिन्हा कुशवाहा, मौजूदा विधान पार्षद अफाक अहमद के बीच लड़ाई है.

बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

नामांकन की अंतिम स्थिति

क्षेत्र और उम्मीदवार

पटना स्नातक-22

तिरहुत स्नातक-20

कोसी स्नातक -16

दरभंगा स्नातक – 40

कुल -98

शिक्षक निर्वाचन सीट के उम्मीदवार

पटना शिक्षक – 22

तिरहुत शिक्षक -11

दरभंगा शिक्षक -14

सारण शिक्षक -19

कुल -66

Also Read: बिहार के इन शिक्षकों की जायेगी नौकरी, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद खतरा, जानिए पूरा मामला…

The post बिहार MLC चुनाव: दरभंगा में क्यों उमड़े सबसे ज्यादा उम्मीदवार, जानें किस क्षेत्र में है सबसे कड़ा मुकाबला appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles