![]()
औरंगाबाद में सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से 16 साल के नाबालिग की मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़ेम थाना क्षेत्र के महुआव गांव निवासी फिरोज मियां के 16 वर्षीय पुत्र मो. जावेद आलम के रूप में हुई है। जावेद अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा मो. सलीम ने बताया कि जावेद अपने तीन दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जावेद को डूबता देखकर उसके साथ मौजूद दोस्त वहां से निकल गए और घटना की जानकारी अन्य लोगों को दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी नहीं मिला शव, NDRF ने संभाला मोर्चा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। स्थानीय स्तर पर नदी में काफी खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा और नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण शव बरामद नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने घटना की सूचना एनडीआरएफ टीम को दी। करीब 24 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद एनडीआरएफ की टीम ने गुरुवार को लगभग 11 बजे जावेद का शव नदी से कुछ दूरी पर बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखते ही परिवार के लोगों की चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद नगर थाना पुलिस ने फर्द बयान दर्ज किया और अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया। पूर्व विधायक ने परिजनों से की मुलाकात, मुआवजे की मांग घटना की जानकारी मिलने के बाद नबीनगर के पूर्व विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। पूर्व विधायक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव मदद का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की। इकलौते बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में है। घटना ने एक बार फिर सोन नदी में नहाने के दौरान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
औरंगाबाद- सोन नदी में डूबकर नाबालिग की मौत:16 साल के इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता बेसुध, 24 घंटे बाद NDRF ने बरामद किया शव
