![]()
पड़वा प्रखंड की छेछौरी पंचायत के अहौरी गांव में सहिया चुनाव को लेकर गुरुवार को ग्रामसभा हुई। ग्रामसभा में पर्यवेक्षक के रूप में पंचायत सचिव प्रमोद कुमार सिंह, बीटीटी गणौरी पासवान, सहिया साथी कंचन कुमारी मौजूद थे। गांव के अभ्यर्थियों ने आवेदन जमा किए। पर्यवेक्षकों ने कहा कि सबसे ज्यादा योग्यता वाले अभ्यर्थी का चयन होगा। ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि सहिया का पद बड़ा नहीं है। न्यूनतम योग्यता मैट्रिक मानकर सभी अभ्यर्थियों के बीच बहुमत से चुनाव कराया जाए। इसी दौरान पर्यवेक्षक ने बताया कि सबसे अधिक योग्यता अंजली देवी की है। इसके बाद पर्यवेक्षक कागजात समेटकर जाने लगे। इसी दौरान अन्य अभ्यर्थियों के समर्थकों ने प्रमोद कुमार सिंह सहित टीम को रोक लिया और हाथापाई की। इसी दौरान किसी ने प्रमोद से रजिस्टर छीनकर फाड़ दिया। पंचायत सचिव प्रमोद कुमार सिंह ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी। पड़वा पुलिस को भी सूचना दी। आरोप है कि गश्ती दल पहुंचने के बाद पर्यवेक्षक टीम को थाने लाया गया। पर्यवेक्षक प्रमोद ने पड़वा थाने में आवेदन दिया। इसमें अहौरी गांव के मिथिलेश साव, अभिजीत कुमार, अभिषेक कुमार, अनुराधा कुमारी और जितेंद्र राम पर मारपीट का आरोप लगाया। ग्रामसभा रजिस्टर लूटने का आरोप लगाया। स्वास्थ्य सहिया चयन से जुड़े 7 अभ्यर्थियों के आवेदन के साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र लूटने का आरोप लगाया। 2 हजार रुपए नकद और सोने की चेन लूटने की भी बात कही। थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि लिखित आवेदन के आधार पर छानबीन शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य सहिया चुनाव के लिए हुई ग्रामसभा में हंगामा, पर्यवेक्षक से हाथापाई; रजिस्टर फाड़े
