![]()
मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के दीपक कुमार हत्याकांड में मुख्य आरोपित सुमन कुमार ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। पुलिस की लगातार छापेमारी के बीच उसने आत्मसमर्पण किया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाने की तैयारी में है। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस दबिश के बीच कोर्ट में किया सरेंडर सुमन कुमार तुरकौलिया थाना क्षेत्र के खिरुआ बाजार निवासी सुनील साह का पुत्र है। तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि सुमन को रिमांड पर लेकर हत्याकांड के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि घटना में अन्य आरोपितों की क्या भूमिका रही है। घर से बुलाकर ले गए थे युवक, अगले दिन मिला शव जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार को 5 अक्टूबर की रात कुछ युवक घर से बुलाकर ले गए थे। अगले दिन 6 अक्टूबर की सुबह उसका शव जयसिंहपुर स्थित रेतवा नदी के किनारे मिला था। दीपक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। पिता के आवेदन पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी घटना के बाद दीपक के पिता के आवेदन पर तुरकौलिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें सुमन कुमार, दिलखुश समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया था। मुख्य आरोपित के सरेंडर के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर घटना के कारणों और अन्य आरोपितों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के अनुसार, हत्याकांड में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। सुमन से पूछताछ और आगे की जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मोतिहारी-दीपक हत्याकांड का मुख्य आरोपित कोर्ट में सरेंडर:पुलिस की छापेमारी से परेशान होकर आत्मसमर्पण,बाकी आरोपितों की तलाश जारी
