Saturday, October 10, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

मधुबनी में आर्केस्ट्रा से 9 नाबालिग बालिकाएं मुक्त:लौकहा, लौकही और राजनगर थाना क्षेत्रों में पुलिस की छापेमारी, 3 गिरफ्तार


मधुबनी जिले में नाबालिग बालिकाओं से कथित शोषण और उन्हें अवैध रूप से आर्केस्ट्रा में काम कराने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। शुक्रवार की रात चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान लौकहा, लौकही और राजनगर थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा से नौ नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया गया। मामले में आर्केस्ट्रा संचालकों सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार शाम सात बजे समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), बिहार, पटना के निर्देश और मिशन मुक्ति फाउंडेशन के सहयोग से यह अभियान चलाया गया। नाबालिग बालिकाओं के शोषण और उनसे अवैध रूप से काम कराने की सूचना पर साइबर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई थी। इसमें संबंधित थानों की पुलिस, महिला थाना, मानवाधिकार संस्था और चाइल्डलाइन की टीम शामिल थी। संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर नौ नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया। इसके बाद सभी को विधिवत महिला थाना, मधुबनी लाया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लौकही थाना क्षेत्र के पिपराही गांव निवासी चन्द्रशेखर राम, लौकहा थाना क्षेत्र के लौकहा गांव निवासी रामनारायण कुमार और खुटौना थाना क्षेत्र के सिजवार गांव निवासी अखिलेश कुमार राम के रूप में हुई है। एसएसपी के अनुसार, महिला थाना कांड संख्या 70/26, दिनांक 10 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, किशोर न्याय अधिनियम, बंधुआ मजदूरी उन्मूलन अधिनियम और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मुक्त कराई गई सभी बालिकाओं को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। एसएसपी ने यह भी बताया कि मुक्त कराई गई बालिकाओं में से एक के संबंध में पश्चिम बंगाल के सुंदरबन जिले के डोड़हट थाना में कांड संख्या 454/26 दर्ज है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles