![]()
उपायुक्त अजय नाथ झा ने शुक्रवार को चास प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ संवाद कर आमजनों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनें और उनके समाधान के लिए नियमानुसार पारदर्शी तरीके से कार्रवाई करें। निर्देश दिया कि आमजनों से मिलने और उनकी समस्याएं सुनने के लिए समय निर्धारित करें। शेष अवधि में कार्यालय के कार्यों का निष्पादन तत्परता और जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें। कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक एवं शालीन व्यवहार करें, ताकि किसी को भी अपने काम के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी शिकायतों को महज औपचारिकता न समझें, बल्कि उन्हें गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें। संबंधित पदाधिकारी और कर्मी शिकायतकर्ता को उचित जानकारी भी दें, ताकि उसे अपने काम की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सके। मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, बीडीओ डॉ. प्रदीप कुमार, सीओ सेवाराम साहू आदि उपस्थित थे।
आमजनों की शिकायतों को गंभीरता से लें : डीसी
