Saturday, October 10, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

CCTV and Drone Surveillance; FIR on Violations

दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए शनिवार को समाहरणालय स्थित योजना भवन के सभा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई।

.

डीएम अभिलाषा शर्मा और एसपी उपेन्द्रनाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से बैठक की अध्यक्षता की। इसमें प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ पूजा पंडालों के आयोजक, शांति समिति के सदस्य और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा हुई। डीएम ने पूजा समितियों से आयोजन के दौरान आने वाली समस्याओं और जरूरी सुझावों की जानकारी ली।

सदस्यों ने सड़क और पुल-पुलिया की स्थिति, शहर में अतिक्रमण, जाम और आम लोगों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया। डीएम ने समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया।

बैठक में शामिल अधिकारी व जनप्रतिनिधि

बैठक में शामिल अधिकारी व जनप्रतिनिधि

डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक, उल्लंघन पर होगी FIR

डीएम अभिलाषा शर्मा ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

एसपी उपेन्द्रनाथ वर्मा ने कहा कि डीजे बजाने पर आयोजकों और संचालकों के खिलाफ सीधे प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। लाउडस्पीकर एक्ट का पालन करना अनिवार्य होगा। धार्मिक गीतों को लेकर जारी निर्देशों का भी पालन कराना सुनिश्चित किया जाएगा।

डीएम ने कहा कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल, पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। लगभग सभी पूजा पंडालों में भी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

पूजा पंडालों में CCTV, प्रमुख जगहों पर ड्रोन से निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। डीएम ने सभी पूजा पंडालों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। बड़े पूजा पंडालों के लिए भवन निर्माण विभाग से जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने पर जोर दिया गया।

एसपी ने बताया कि प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मुस्तैद रहेंगी।

पूजा के दौरान डीजे पर रहेगा पूर्णतः प्रतिबंध

पूजा के दौरान डीजे पर रहेगा पूर्णतः प्रतिबंध

जाम से निपटने के लिए बनेगा ट्रैफिक प्लान

शहर में जाम की समस्या दूर करने के लिए ट्रैफिक डीएसपी को विस्तृत यातायात योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी इस योजना का प्रचार-प्रसार कराएंगे, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

मूर्ति विसर्जन के दौरान शांति समिति और आयोजन समिति के प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने को कहा गया है। डीएम ने पूजा समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई, सोशल मीडिया पर नजर

एसपी उपेन्द्रनाथ वर्मा ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं और अफवाहें नहीं फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित संदिग्ध और भ्रामक सामग्री पर नजर रखी जाएगी।

अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। प्रशासन समय-समय पर अफवाहों का खंडन कर सही जानकारी लोगों तक पहुंचाएगा।

प्रशासन ने पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी तुरंत पुलिस और प्रशासन को देने को कहा। अधिकारियों ने छोटी समस्याओं का समय रहते समाधान करने और आपसी संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।

डीएम ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का पर्व है। इसे शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी सदस्यों और आयोजकों से प्रशासन को सहयोग देने की अपील की, ताकि श्रद्धालु बिना परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता, थानाध्यक्ष, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, पूजा पंडालों के आयोजक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles