![]()
बेगूसराय में युवक की बूढ़ी गंडक में डूबकर मौत हो गई। मृतक बादल कुमार (23) है। जो पत्थरा घाट पर कलश स्थापना के लिए जल भरने गया था। इसी बीच वो नदी की गहराई में चला गया। सामने छोटा भाई खड़ा था, पर वो बचा नहीं सका। करीब ढाई घंटे के बाद लाश मिली। बादल मनोज साह का बेटा है। घर में कलश स्थापना की पूजा की तैयारी कर रहा था। घटना नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र की है। छोटा भाई घाट किनारे बैठा था पूजा-अर्चना के लिए पवित्र जल की आवश्यकता थी, जिसे लेने के लिए बादल अपने छोटे भाई विनय कुमार के साथ पास ही बहने वाली बूढ़ी गंडक नदी के पत्थरा घाट पर गया था। घाट पर पहुंचने के बाद छोटा भाई विनय किनारे पर ही बैठ गया, जबकि बड़ा भाई बादल बर्तन लेकर जल भरने के लिए नदी में उतरा। नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और घाट के पास पानी की गहराई काफी अधिक थी। जल भरते समय बादल को पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं मिल सका और अचानक उसका पैर फिसल गया। पैर फिसलते ही वह अनियंत्रित होकर गहरे पानी की ओर चला गया और तेज बहाव की चपेट में आ गया।
गोताखोरों ने लगाई छलांग विनय ने शोर मचाकर मदद के लिए पुकारा, लेकिन जब तक कोई कुछ समझ पाता या पानी में उतरता, बादल बह चुका था। हादसे की खबर मिलते ही पत्थरा घाट पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते हुए घाट की ओर दौड़े। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन को सूचित किया गया। प्रशासनिक स्तर पर त्वरित राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को सूचना दी गई, लेकिन एसडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों और साहसी ग्रामीणों ने खुद ही नदी में उतरकर बादल की तलाश शुरू कर दी। करीब ढाई घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान और कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों ने बादल को नदी से ढूंढ कर निकाला। पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों सौंप दिया।
बेगूसराय में युवक की नदी में डूबकर मौत:घर में कलश स्थापित करने की हो रही थी तैयारी, पानी लाने घाट पहुंचा था
