Monday, October 12, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

निगम चुनाव में ‘ड्रॉप-बॉक्स’ से उम्मीदवार चुनेगी भाजपा, बनायेगी ‘नया कोलकाता’

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के बाद कोलकाता व हावड़ा में नगर निगम चुनाव होने की संभावना के मद्देनजर प्रदेश भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के प्रस्तावित 209 वार्डों में उम्मीदवारों के चयन के लिए भाजपा ने ‘ड्रॉप-बॉक्स’ व्यवस्था शुरू करने की पहल की है. इसके तहत पार्षद का चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग अपना बायोडाटा जमा कर सकेंगे.

केंद्रीय मंत्री व प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता सुकांत मजूमदार ने समाज के प्रतिष्ठित, सफल और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय लोगों से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की अपील की है. पार्टी का उद्देश्य ऐसे लोगों को राजनीति से जोड़ना है, जो कोलकाता को ‘नया कोलकाता’ बनाने में अपनी भूमिका निभा सकें. प्रमोटर राज से मुक्त व पारदर्शी केएमसी बनाने का लक्ष्य

निगम चुनाव की तैयारियों पर संवाददाता सम्मेलन में सुकांत मजूमदार ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में आम लोगों के लिए ‘नया कोलकाता’ बनाने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य कोलकाता नगर निगम को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है, ताकि निगम के कामकाज पर ‘प्रमोटर राज’ और ‘डेवलपर राज’ का दबदबा समाप्त हो सके. उन्होंने समाज में प्रतिष्ठित और चर्चित व्यक्तियों, सफल पेशेवरों व युवाओं से इस पहल से जुड़ने का आह्वान किया.

डॉक्टरों, इंजीनियरों, समाजसेवकों, पत्रकारों और वकीलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोगों को चुनावी मैदान में उतरने का न्योता दिया गया है. पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की बात कह रही है, जिनकी छवि साफ हो और जिन्हें उनके सामाजिक कार्यों के कारण जनता के बीच स्वीकार्यता हासिल हो.

ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में नगर निगम चुनाव से पहले माकपा पार्षद तृणमूल कांग्रेस में शामिल

आज से पार्टी कार्यालय में जमा होंगे बायोडाटा

सुकांत मजूमदार ने बताया कि सोमवार से कोलकाता के मुरलीधर सेन लेन स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में ड्रॉप-बॉक्स रखा जायेगा. कार्यालय खुलने के समय तक इच्छुक उम्मीदवार अपने बायोडाटा उसमें जमा कर सकेंगे. इस व्यवस्था के माध्यम से उम्मीदवार बनने के इच्छुक लोगों को अपनी योग्यता, अनुभव और सामाजिक कार्यों की जानकारी पार्टी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा.

उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन के दौरान कई पहलुओं पर विचार किया जायेगा. केवल चुनाव लड़ने की इच्छा ही नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता और समाज में किये गये कार्यों के आधार पर भी दावेदारों का आकलन किया जायेगा. सुकांत ने आम लोगों से अपील की कि यदि वे पार्षद का चुनाव लड़ना चाहते हैं, तो अपनी जानकारी ड्रॉप-बॉक्स में जमा करें. उन्होंने विश्वास जताया कि कोलकाता की जनता भाजपा का समर्थन करेगी.

देवी पक्ष से ‘नया कोलकाता’ बनाने की शुरुआत

सुकांत मजूमदार ने कहा कि ड्रॉप-बॉक्स के माध्यम से उम्मीदवार चयन की पहल शुरू करने के लिए देवी पक्ष का समय चुना गया है. उन्होंने इसे ‘नया कोलकाता’ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. उनके मुताबिक, पार्टी का प्रयास ऐसे लोगों को आगे लाना है, जिन्होंने समाज के हित में काम किया है और जिन्हें जनता के बीच पहचान तथा स्वीकार्यता हासिल है.

ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल स्थानीय निकाय चुनाव रिजल्ट : चारों नगर निगमों में टीएमसी की जीत, दीदी ने जताया आभार

उन्होंने कहा कि चुनाव में टिकट उन्हीं लोगों को देने पर विचार किया जायेगा, जिनमें जीतने की क्षमता हो और जो जनहित के कार्यों के माध्यम से अपनी पहचान बना चुके हों. सुकांत ने लोगों से इस पहल में भागीदारी करने और कोलकाता के विकास के लिए भाजपा के साथ जुड़ने की अपील की.

49 वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहने का आरोप

सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि कोलकाता के लोग पिछले 49 वर्षों से उचित सुविधाओं से वंचित रहे हैं. उन्होंने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और माकपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की प्रगति में बाधाएं दूर होने के बाद विकास और उन्नति के काम में तेजी आयी है.

उन्होंने ‘स्पीड-ब्रेकर’ का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों पर कटाक्ष किया. भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी आम लोगों की भागीदारी से कोलकाता के विकास की नयी रूपरेखा तैयार करना चाहती है. ड्रॉप-बॉक्स व्यवस्था को इसी दिशा में उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनाने की पहल के रूप में पेश किया गया है.

The post निगम चुनाव में ‘ड्रॉप-बॉक्स’ से उम्मीदवार चुनेगी भाजपा, बनायेगी ‘नया कोलकाता’ appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles