![]()
बांका टाउन थाना क्षेत्र के सामुखिया मोड़ के पास सोमवार शाम दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान भदरार गांव निवासी कृष्णा कुमार दास और अमरपुर थाना क्षेत्र के कटोरिया गांव निवासी सज्जाद उर्फ सज्जू अंसारी के रूप में हुई है। घायल युवक एकसिंघा गांव का रहने वाला रौशन कुमार है। कोर्ट में तारीख पर जा रहे थे दोनों युवक जानकारी के अनुसार, कृष्णा कुमार दास और सज्जाद उर्फ सज्जू अंसारी एक ही बाइक से बांका कोर्ट में तारीख पर जाने के लिए घर से निकले थे। सोमवार शाम सामुखिया मोड़ के पास तारा पघाड़ के समीप दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इलाज के दौरान दूसरे युवक ने भी दम तोड़ा स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बाइक सवारों को गंभीर हालत में बांका सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सज्जाद उर्फ सज्जू अंसारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इलाज के दौरान कृष्णा कुमार दास की भी मौत हो गई। रौशन कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों में मचा कोहराम हादसे की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। युवकों की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। टाउन थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बांका में बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 2 की मौत:एक गंभीर घायल, भागलपुर रेफर, कोर्ट में तारीख पर जा रहे थे
