
ED Raid in Kolkata: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में 8 ठिकानों पर छापेमारी की. केंद्रीय एजेंसी की यह कार्रवाई दक्षिण कोलकाता के टॉलीगंज और शरत बोस रोड के आसपास स्थित परिसरों में हुई. जांच का केंद्र कथित वित्तीय धोखाधड़ी और अधिक लाभ देने का वादा कर लोगों से करोड़ों रुपए जुटाने का मामला है.
धनशोधन मामले की जांच के तहत हुई कार्रवाई
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, एजेंसी के अधिकारियों ने सोमवार सुबह कोलकाता में 8 स्थानों पर तलाशी ली. इनमें दक्षिण कोलकाता के टॉलीगंज और शरत बोस रोड के आसपास स्थित कई परिसर शामिल हैं. अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई धनशोधन मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए की गयी.
अधिक लाभ का वादा कर करोड़ों जुटाने का आरोप
ईडी के सूत्रों के अनुसार, आरोप है कि लोगों से अधिक लाभ देने का वादा करके करोड़ों रुपए जुटाये गये. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर जुटायी गयी रकम कहां और किस तरह इस्तेमाल की गयी. आरोप है कि इस धन को रियल इस्टेट विकास और अन्य कारोबारी गतिविधियों में लगाया गया.
ये भी पढ़ें: बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के घर सुबह-सुबह क्यों पहुंची ईडी, जानिए यूनेस्को से जुड़ा पूरा मामला
बैंक खातों के रिकॉर्ड से धन के प्रवाह का पता लगा रही एजेंसी
ईडी अधिकारी के मुताबिक, जांच के दौरान बैंक खातों के विवरण के जरिये वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है. इसका उद्देश्य धन के प्रवाह का पता लगाना और कथित अनियमितताओं में व्यक्तियों तथा कारोबारी संस्थाओं की संभावित भूमिका की जांच करना है.
हमारे अधिकारी बैंक खातों के विवरण के जरिये किये गये वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड और उनसे संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं, ताकि धन के प्रवाह का पता लगाया जा सके और कथित अनियमितताओं में व्यक्तियों तथा कारोबारी संस्थाओं की संभावित भूमिका की जांच की जा सके. -प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी
पिछली कार्रवाई में मिले सुरागों के आधार पर छापेमारी
अधिकारी ने बताया कि सोमवार की तलाशी पहले की कार्रवाई के दौरान मिले सुरागों के आधार पर की गयी. ईडी अब उन वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है, जिनसे कथित धोखाधड़ी के दायरे और इससे लाभ उठाने वालों की पहचान करने में मदद मिल सकती है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में ED की ताबड़तोड़ छापेमारी, पूर्व IPS अफसर से जुड़े उगाही रैकेट की जांच तेज
पिछले महीने 17 ठिकानों पर हुई थी छापेमारी
यह कार्रवाई पिछले महीने यानी सितंबर में कोलकाता और देश के अन्य हिस्सों में 17 ठिकानों पर की गयी छापेमारी के बाद हुई है. उस कार्रवाई के दौरान भी एजेंसी ने संदिग्ध वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े धन के लेन-देन के रिकॉर्ड की जांच की थी. मौजूदा कार्रवाई में उन्हीं सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.
The post ED Raid in Kolkata: कोलकाता में ईडी की 8 ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों की धोखाधड़ी की जांच तेज appeared first on Prabhat Khabar.

