![]()
अररिया में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने में अहम भूमिका निभाने वाले मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक संतोष कुमार पोद्दार का स्थानांतरण खगड़िया जिले में सदर-2 एसडीपीओ के पद पर कर दिया गया है। उनके तबादले के बाद मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने संतोष कुमार पोद्दार को बुके भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर माहौल भावुक रहा। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, साइबर पुलिस उपाधीक्षक रघुनाथ सिंह समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर रहा स्पेशल फोकस पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि संतोष कुमार पोद्दार ने मुख्यालय डीएसपी के साथ-साथ ट्रैफिक डीएसपी का प्रभार भी संभाला। इस दौरान उन्होंने जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया। साथ ही आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। उनके प्रयासों से यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिली। एसपी ने उनके कार्यकाल को सराहनीय बताते हुए कहा कि मुख्यालय डीएसपी के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। सहयोग शिविर सहित जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। प्रशिक्षु डीएसपी के रूप में भी अररिया से रहा नाता संतोष कुमार पोद्दार का अररिया जिले से पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने यहां प्रशिक्षु डीएसपी के रूप में भी काम किया था। इसके बाद मुख्यालय डीएसपी की जिम्मेदारी मिलने पर वह फिर अररिया लौटे और लगभग एक वर्ष तक जिले में अपनी सेवाएं दीं। अब उनका स्थानांतरण खगड़िया जिले के सदर-2 एसडीपीओ के पद पर किया गया है। विदाई समारोह के दौरान पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अररिया में उनके कार्यकाल को सहयोग, यातायात प्रबंधन और जनहित के कार्यों के लिहाज से याद किया गया।
अररिया मुख्यालय DSP संतोष पोद्दार का खगड़िया ट्रांस्फर:SP ऑफिस में फेयरवेल, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में निभाई अहम भूमिका
