![]()
बांका के रजौन थाना क्षेत्र के सुजालकोरामा और दयालपुर गांव में मंगलवार की देर शाम हत्या मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपितों के घर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर ढोल बजाकर इश्तेहार चिपकाया। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। इस दौरान ढोल बजाकर गांव में मुनादी की गई, जिसे देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई थानाध्यक्ष अभय शंकर और एसआई विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। फरार आरोपितों में सुजालकोरामा गांव निवासी गौतम राणा और होरिल यादव तथा दयालपुर गांव निवासी उत्तम यादव शामिल हैं। तीनों आरोपित लगातार फरार चल रहे तीनों पर कोड़ली मोहनपुर गांव में हुई एक घटना के सिलसिले में हत्या का आरोप है। जानकारी के अनुसार, कुछ माह पहले कोड़ली मोहनपुर गांव में हुई एक घटना में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। मामले में नामजद तीनों आरोपित लंबे समय से फरार चल रहे हैं। पुलिस की ओर से सूचना दिए जाने के बावजूद उनके न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि हत्या मामले के तीनों आरोपित लगातार फरार चल रहे हैं। न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। न्यायालय के आदेश पर आरोपितों के घरों पर ग्रामीणों के समक्ष इश्तेहार चिपकाया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपितों को जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आत्मसमर्पण नहीं करने पर उनके घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
हत्या के 3 फरार आरोपियों के घर इश्तेहार चिपकाया:ढोल बजाकर कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई, सरेंडर नहीं करने पर होगी कुर्की-जब्ती
