![]()
ममुजफ्फरपुर में 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आएंगे। वे मोतीपुर स्थित महवल में मेगा फुटवियर एंड एसेसरीज लेदर पार्क का उद्घाटन करेंगे। सीएम के आगमन की तैयारी में प्रशासन लगा है। 5 किलोमीटर का दायरा ‘नो ड्रोन जोन’ रहेगा। तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएम कुमार गौरव और एसएसपी कांतलेश कुमार मिश्रा ने अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। पार्क परिसर, मुख्य मंच, वीआईपी हेलीपैड, पार्किंग क्षेत्र, वाहनों के मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके अलावा, मंच-पंडाल की व्यवस्था, साफ-सफाई, निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति और ट्रैफिक प्रबंधन से जुड़े बिंदुओं पर भी चर्चा हुई ताकि किसी को असुविधा न हो। मजबूत बैरिकेडिंग की गई है प्रशासन ने महवल लेदर पार्क के 5 किलोमीटर के दायरे को मंगलवार शाम 4 बजे से ‘नो ड्रोन फ्लाई जोन’ घोषित किया है। डीएम ने बताया कि लेदर पार्क उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है। एसएसपी कांतलेश कुमार मिश्रा ने सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए कार्यक्रम स्थल के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है और आसपास पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर मेगा लेदर पार्क के शुरू होने से मुजफ्फरपुर के युवाओं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे। यहां चार नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा रही हैं, जिनमें जूते, फुटवियर, लेदर जैकेट, बेल्ट, पर्स और अन्य लेदर एसेसरीज का बड़े पैमाने पर निर्माण होगा। इस परियोजना से क्षेत्र के करीब 1,440 स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जिससे इलाके के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
मुजफ्फरपुर में कल आएंगे सीएम सम्राट चौधरी:मेगा लेदर पार्क का करेंगे उद्घाटन, 5 किलोमीटर का दायरा 'नो ड्रोन जोन'
