![]()
जमुई के खैरा थाना क्षेत्र के डुमरकोला गांव में बुधवार रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। बजरंगबली मंदिर से कुछ दूरी पर हुए इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए खैरा अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में 7 लोग घायल एक बाइक पर सवार तीन लोग खैरा से कौआकोल स्थित अपने घर जा रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार चार युवक मिल्की गांव से खैरा मेला देखने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान डुमरकोला गांव में बजरंगबली मंदिर के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक पर सवार सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में घायल लोगों में सोनू कुमार (22), प्रकाश यादव, भोलू कुमार (22), कौशल कुमार (19), परदेशी कुमार (17), जयकार कुमार (25), कन्हैया कुमार (22) और कुंदन कुमार (22) के नाम सामने आए हैं। हालांकि, घायलों की संख्या और नामों को लेकर दी गई जानकारी में अंतर है। दूसरी बाइक जयकार कुमार चला रहा था। घायलों का इलाज खैरा अस्पताल में जारी घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खैरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद सोनू कुमार, जयकार कुमार और भोलू कुमार को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष घायलों का इलाज खैरा अस्पताल में जारी है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद खैरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और दोनों बाइकों की स्थिति के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
जमुई में 2 बाइक की टक्कर में 7 लोग घायल:बजरंगबली मंदिर के पास हुआ हादसा; खैरा अस्पताल में इलाज जारी, 3 को किया रेफर

