
CPIM Book Stall Vandalism: पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बुक स्टॉल पर बवाल हो गया. उत्तर 24 परगना जिले के बीजपुर इलाके में अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर माकपा के एक बुक स्टॉल में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी. पार्टी नेताओं ने इसके पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित उपद्रवियों का हाथ होने का आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
स्थानीय लोगों ने बुक स्टॉल में लगी आग बुझायी
माकपा के सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात बीजपुर के पलाशी माझीपाड़ा इलाके में चारापूल चौराहे पर लगे माकपा के बुक स्टॉल में तोड़फोड़ की गयी. उसमें आग लगा दी गयी. स्थानीय लोगों ने उसे बुझा दिया, जिससे अधिक नुकसान होने से बच गया.
घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात
माकपा के वरिष्ठ सदस्य के दासगुप्ता सहित स्थानीय नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित उपद्रवियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इलाके में स्थिति सामान्य है. घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में माकपा मुख्यालय के बाहर चंडी पाठ, सुजन चक्रवर्ती बोले- हमारे कार्यकर्ता सही उच्चारण सिखा देंगे
एंटाली में माकपा के स्टॉल पर रोक, बैनर से विवाद
कोलकाता के एंटाली इलाके में कामारडांगा दुर्गा पूजा समिति ने पूजा पंडाल के पास माकपा को बुक स्टॉल लगाने से रोक दिया. समिति ने ‘बाम बध’ यानी वामपंथियों का वध करो के नारे वाला बैनर भी लगाया. समिति ने वामपंथियों पर राष्ट्रविरोधी ताकतों की मदद करने का आरोप लगाया. उसका दावा है कि स्थानीय लोग भी वहां माकपा का स्टॉल लगाये जाने के विरोध में हैं.
कई इलाकों से तोड़फोड़ की शिकायतें
माकपा के बुक स्टॉल में तोड़फोड़ करने या उन्हें लगाने से रोकने की ऐसी ही घटनाएं नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पालता शांतिनगर के अलावा कोलकाता के कुछ हिस्सों- जोड़ाबागान, शिबपुर और कुलपी में भी सामने आयी हैं.
ये भी पढ़ें: Watch Video: एमए बेबी से ममता बनर्जी की बातचीत पर शुभेंदु का तंज- ये है ‘माकपा-तृणमूल की प्रेम कहानी’
‘शारदोत्सव’ शब्द के इस्तेमाल पर भी विवाद
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इससे पहले दुर्गा पूजा समितियों से आग्रह किया था कि यदि माकपा दुर्गा पूजा के लिए ‘शारदोत्सव’ शब्द का इस्तेमाल करती है, तो उसे स्टॉल लगाने के लिए जगह नहीं दी जाये. माकपा का कहना है कि बुक स्टॉल पश्चिम बंगाल की उस परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं, जिसमें सांस्कृतिक उत्सवों के दौरान राजनीतिक विचारों और साहित्य का आदान-प्रदान भी होता है.
भाजपा नेता अर्जुन सिंह का विवादित बयान
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि भविष्य में ‘दिमागी नक्सलियों’ को स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं दी जायेगी. उन्होंने कहा वामपंथी अपने माता-पिता की मृत्यु के बाद श्राद्ध कर्म भी नहीं करते. समाज में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है.
The post बंगाल में दुर्गा पूजा के बीच माकपा के बुक स्टॉल पर बवाल, भाजपा पर लगे आगजनी और तोड़फोड़ के आरोप appeared first on Prabhat Khabar.
