दुर्गा पूजा और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए चास-बोकारो शहर में छापेमारी अभियान चलाया गया। खाद्य निरीक्षक संजीव कुमार भैया के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान होटल क्लार्क इन में कई खाद्य सामग्रियां एक्सपायरी डेट की पाई गईं। त्योहारी सीजन में मिठाइयों, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, शुद्धता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिलना उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। 12 किलो खराब जलेबी अधिकारियों ने नष्ट की खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में सघन जांच अभियान चलाया। सेक्टर-12, सेक्टर-2, सेक्टर-4 सहित अन्य क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस जांच अभियान में शामिल खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, पूजा कुमारी और एमए आलम की संयुक्त टीम ने विभिन्न बाजारों और पूजा पंडालों के आसपास स्थित लगभग 28 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कृत्रिम एवं अखाद्य रंगों से तैयार की गई लगभग 12 किलोग्राम जलेबी को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इस क्रम में मिलावट की आशंका के मद्देनजर रसगुल्ला और पनीर के विशेष नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला रांची भेजे गए।
