
Suvendu Adhikari Financial Assistance Plan: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के सामाजिक कल्याण के लिए एक बड़ा विचार सामने रखा है. पूर्वी मेदिनीपुर जिले के अपने राजनीतिक गढ़ नंदीग्राम में दुर्गा पूजा पंडालों का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार और प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी है कि राज्य के गरीब परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिये हर महीने 12,000 से 15,000 रुपए की आर्थिक मदद सुनिश्चित की जाये.
गरीबों की जिम्मेदारी हमारी प्राथमिकता : शुभेंदु
नंदीग्राम में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आर्थिक विषमता को दूर करने और जरूरतमंदों को पर्याप्त वित्तीय सुरक्षा देने पर जोर दिया. कहा- हमें उन परिवारों की जिम्मेदारी हर हाल में लेनी होगी, जो वास्तव में आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिन्हें मदद की जरूरत है. हमें विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से उनके लिए हर महीने 12,000 से 15,000 रुपए का आर्थिक आधार तैयार करना होगा.
जल्द साझा करेंगे विस्तृत ब्योरा
हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह प्रस्तावित वित्तीय ढांचा केवल नंदीग्राम क्षेत्र के लिए लक्षित है या इसे पूरे पश्चिम बंगाल में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जायेगा. उन्होंने योजना के प्रारूप और वित्तीय आवंटन पर विस्तृत ब्योरा जल्द साझा करने का संकेत दिया.
ये भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी कैबिनेट का फैसला- बंगाल के बंद चाय बागान कर्मियों को मिलेंगे 5000 रुपए और 50 किलो अतिरिक्त चावल
भवानीपुर और नंदीग्राम के राजनीतिक जुड़ाव पर क्या बोले सीएम?
अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि जब तक दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर की जनता चाहेगी, वह विधायक के रूप में उनका प्रतिनिधित्व करते रहेंगे. नंदीग्राम के साथ उनका एक वोटर और अभिभावक के रूप में जीवनभर का अटूट रिश्ता है.
अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में हो रहा मेरा स्वागत : शुभेंदु अधिकारी
नंदीग्राम में आये सामाजिक-राजनीतिक बदलाव का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2021 और वर्ष 2026 के चुनावों के दौरान जिन अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में मेरा जाना मुश्किल था, आज वहां के नागरिक फूलों की बारिश कर मेरा स्वागत कर रहे हैं. यही जमीनी स्तर पर असली बदलाव है.
ये भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी बोले- पश्चिम बंगाल की शत्रु संपत्तियों का संरक्षक बनेगी राज्य सरकार
The post नंदीग्राम में बोले शुभेंदु अधिकारी- गरीब और जरूरतमंद परिवारों को हर महीने मिलेगा 12000 से 15000 रुपए appeared first on Prabhat Khabar.
